शाहजहांपुर: ससुर-भतीज बहू की एक साथ उठी अर्थी, तो छलक आए आंसू
बुखार से ससुर की मौत, हादसे में गई बहू की जान
फोटो- ससुर और भतीज बहू की मौत पर गमगीन बैठीं महिलाएं।
कलान, अमृत विचार। कस्बे के मोहल्ला सरस्वती नगर निवासी सियाराम की बुखार से मौत की खबर सुनकर भतीज बहू बुधवार को अपने भाई के साथ मायके से लौट रही थी। रास्ते में उसावां के पास बाइक से गिरकर भतीज बहू की मौत हो गई। गुरुवार को दोनों की अर्थी घर से निकली तो कोहराम मच गया। वहीं मोहल्ले में सन्नाटा पसरा हुआ है।
सियाराम को रविवार से बुखार आ रहा था। मंगलवार को उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। देर रात परिजन उन्हें बरेली ले जा रहे थे, कि रास्ते में उनकी सांसे थम गईं। बुधवार सुबह उनके शव को एंबुलेंस से कलान लाया गया। उनकी मौत की खबर सुनकर उनके भतीजे सरवन की पत्नी सुधा अपने मायके एटा जनपद से अपने भाई के साथ बाइक से आ रही थीं।
उसकी बदायूं जनपद के थाना उसावां में बाइक से गिरकर मौत हो गई। जो अपने ससुर की मृत्यु की खबर सुनकर उन्हें देखने के लिए आ रही थी, इधर ससुर का शव घर पर रखा था, बुधवार शाम को भतीज बहू सुधा का शव भी उसी घर में पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। मोहल्ले में मातमी सन्नाटा पसर गया। हर किसी की आंखे गीली हो गईं। घर से गुरुवार सुबह ससुर सियाराम एवं भतीज बहू सुधा की अर्थी घर से एक साथ उठी तो मोहल्ले के लोग भी अपने आंसू रोक नहीं पाए। सुधा के दो बच्चे हैं।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: 'लोकसभा चुनाव लड़ोगे तो जान से मार देंगे', सपा नेता राजेश कश्यप को अलग-अलग नंबरों से मिली धमकी
