शाहजहांपुर: ट्रक ने स्कूली वैन को मारी टक्कर, नौ बच्चे घायल
गंभीर हालत में दो बच्चों को किया गया बरेली रेफर
मीरानपुर कटरा, अमृत विचार। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोहल्ला बिल्लीगंज में ट्रक ने स्कूली वैन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वैन में सवार नौ स्कूली बच्चे घायल हो गए। सभी घायल बच्चों को स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। दो बच्चों की हालत गंभीर होने पर बरेली के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को हिरासत में ले लिया। वहीं विधायक वीर विक्रम प्रिंस ने भी अस्पताल पहुंचकर बच्चों का हाल जाना।
रेलवे स्टेशन रोड पर शंख दयाल मेमोरियल पब्लिक स्कूल है। गुरुवार की दोपहर एक बजे स्कूल की छुट्टी हुई। चालक प्रमोद कुमार निवासी पोसिंल थाना कटरा ने वैन में 13 स्कूली बच्चों को बैठाया। चालक बच्चों को उनके घर पहुंचाने के लिए जा रहा था। चालक ने मोहल्ला बिल्लीगंज में चार बच्चों को वैन से उतार दिया।
चालक वैन लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग से मरेना गांव जाने के लिए चौराहे की तरफ जा रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोहल्ला बिल्लीगंज में दोपहर दो बजे बरेली की ओर से आ रहे ट्रक ने पीछे से स्कूली वैन को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वैन में सवार बच्चों में चीख पुकार मचने लगी। वैन में सवार नौ बच्चे घायल हो गए।
सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने वैन से घायल नौ बच्चों को बाहर निकाला। बच्चे काफी घबराए हुए थे। पुलिस ने घायल 8 वर्षीय भूमि गुप्ता पुत्र लविश गुप्ता निवासी इस्लामनगर थाना कटरा, आठ वर्षीय अभय गंगवार पुत्र जगतवीर गंगवार निवासी मरेना थाना कटरा,
10 वर्षीय आरुषि पुत्री जगतवीर गंगवार निवासी मरेना थाना कटरा, 10 वर्षीय ऋतिक कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी मरेना थाना कटरा, सात वर्षीय आराधना गंगवार व उसकी बहन 10 वर्षीय आराध्या गंगवार पुत्री नीरज कुमार निवासी अफरीदी थाना कटरा, सात वर्षीय जैनम पुत्री सईद अहमद निवासी अफरीदी कटरा और 10 वर्षीय सृष्टि वर्मा व बहन सात वर्षीय कसक वर्मा पुत्री रामवीर सराय थाना कटरा को स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया।
गंभीर रूप से घायल भूमि गुप्ता व अभय गंगवार को बरेली लिए रेफर कर दिया। सभी घायलों का इलाज स्वास्थ्य केंद्र पर चल रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को ट्रक समेत गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
बदहवास परिजन तलाश रहे थे अपने बच्चों को
स्कूली वैन हादसे का शिकार होने की जानकारी जैसे ही बच्चों के माता-पिता को लगी तो मानों उनकी जान ही निकल गई हो, जो जैसे-जिस हाल में था मोबाइल से संपर्क कर कोई घटना स्थल की ओर तो कोई अस्पताल की ओर दौड़ चला। घटना स्थल पर बच्चों को न पाकर बच्चों के माता पिता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए और बदहवास हो अपने बच्चों की तलाश करने लगे।
बच्चों के माता-पिता काफी घबराए हुए थे। अस्पताल स्टाफ से पूछ रहे थे कि घायल बच्चें कहां भर्ती हैं। बच्चों के पट्टी बंधी देखकर घबरा गए। मोहम्मद सईद वार्ड में पहुंचे तो उनकी सात वर्षीय बेटी जैनम अंसारी के सिर में पट्टी बंधी थी, उसे इस हालत में देख उनकी आंखे भर आई और बेटी को गोद में उठा लिया। इसी तरह अन्य अभिभावक अपने बच्चों को लेकर परेशान हो रहे थे।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: प्रभारी मंत्री के सामने आई लापरवाही, बिजली-सिंचाई समेत कई अफसरों को फटकारा
