शाहजहांपुर: प्रभारी मंत्री के सामने आई लापरवाही, बिजली-सिंचाई समेत कई अफसरों को फटकारा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जनप्रतिनिधि बोले, नहीं सुनते अफसर-जनता को हो रही परेशानी

फोटो- विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक में बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता जेपी वर्मा को आड़े हाथों लेते प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप।

शाहजहांपुर, अमृत विचार। जिले में बिजली अव्यवस्था, गौशालाओं की दुर्दशा, सिंचाई विभाग की समस्याओं और जर्जर सड़कों की समस्या सामने आने पर पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र कश्यप के सामने कई विभागों के अधिकारियों की लापरवाही सामने आ गई। प्रभारी मंत्री ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार अग्रवाल पर नाराजगी से ऐसी शुरुआत हुई कि जनप्रतिनिधियों ने एक-एक कर अधिकारियों की मनमानी सामने रखी।

प्रभारी मंत्री ने बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता जेपी वर्मा और जल निगम के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार को अपने-अपने कार्यों में सुधार लाने की सख्त हिदायत देते हुए आड़े हाथों लिया। प्रभारी मंत्री ने गुरुवार को विकास भवन में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की।

उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने जिले में फैल रहे डेंगू की स्थिति को चिंताजनक बताया। पुवायां तहसील में डेंगू बुखार के अत्यधिक प्रकोप की जानकारी पर प्रभारी मंत्री ने सीएमओ डॉ. आरके गौतम को एंटी लारवा के छिड़काव और रैपिड रिस्पांस टीम गठित करके हॉटस्पॉट वाले स्थानों पर कैंप लगाकर स्थिति को काबू करने के निर्देश दिए।

बैठक में पीडब्ल्यूडी मंत्री के प्रतिनिधि विनीत मिश्रा ने बिजली विभाग के अधिकारियों की कई शिकायतें कीं। बताया कि न तो जर्जर तार बदलें जा रहे हैं और न ही उचित क्षमता के ट्रांसफार्मर लग रहे हैं। बिजली विभाग के अधिकारियों पर फोन न उठाने का भी आरोप लगाया, जिस पर मंत्री ने बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता और अधीक्षण अभियंता को फटकार लगाते हुए कई निर्देश दिए।

कहा कि वे समय-समय पर अपने निचले स्तर के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ वर्चुअल मीटिंग करके जनता की सभी समस्याओं को सुलझाने का प्रयत्न करें। विधायक सलोना कुशवाहा ने कुछ गांवों में जले हुए ट्रांसफार्मर को न बदलने की शिकायत भी प्रभारी मंत्री से की। इस पर भी मंत्री ने बिजली विभाग के अधिकारियों से नाराजगी जताई और त्वरित कार्यवाई के निर्देश दिए। पश्चात प्रभारी मंत्री ने अधिशासी अभियंता शारदा नहर को नहरों की सिल्ट सफाई नवंबर के अंत तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए। पंचायत भवन निर्माण की स्थिति संतोषजनक रही।

राजस्व संग्रह में भी बिजली विभाग फिसड्डी, लगी फटकार
बैठक में कर-करेत्तर, राजस्व संग्रह की भी समीक्षा हुई। मंत्री ने परिवहन विभाग द्वारा कम राजस्व के संग्रह पर नाराजगी जताई और सुधार के निर्देश दिए। वहीं बिजली विभाग 50 प्रतिशत ही वसूली कर फिसड्डी साबित हुआ। बिजली विभाग का राजस्व संग्रह लक्ष्य के सापेक्ष 50.55 प्रतिशत रहा। बिजली विभाग के अधिकारियों को सचेत करते हुए उन्होंने कहा कि अगले महीने की समीक्षा बैठक में स्थिति बदली हुई नजर आनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: 'लोकसभा चुनाव लड़ोगे तो जान से मार देंगे', सपा नेता राजेश कश्यप को अलग-अलग नंबरों से मिली धमकी

संबंधित समाचार