भरत मिलाप : अनुज भरत से मिले प्रभु श्रीराम, छलक पड़े नैन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रतापगढ़, अमृत विचार। बेल्हा के सुप्रसिद्ध भरत मिलाप में शुक्रवार भोर में नम आंखों से प्रभु श्रीराम ने अनुज भरत को गले लगाया। उपस्थित लोगों की आंखें भी इस भावपूर्ण दृश्‍य को देखकर भर उठीं। हजारों लोग चौक घंटाघर के चारों ओर खड़े होकर इस भावपूर्ण मिलन का दृश्य देखने के लिए लालायित रहे।

पिता की आज्ञा पर 14 वर्ष का वनवास पूरा कर व लंका विजय के बाद प्रभु श्रीराम, जानकी व लक्ष्मण के साथ अयोध्या पहुंचे तो उल्लास छा गया। वह अनुज भरत से मिले तो जयघोष होने लगा। अयोध्या की तरह सजे नगर में भाइयों का स्नेहिल मिलाप देख सबकी आखें नम हो गईं। नगर में गुरुवार शाम से आए हजारों लोग चौक में इस पल के साक्षी बनकर स्वयं के जीवन को धन्य कर रहे थे। प्रभु ने भरत को कंठ से लगाया तो हजारों कंठ से जयकारे फूट पड़े। बैंड बाजों ने ओम जय जगदीश हरे की धुन बजाकर भगवान की आरती को अविस्मरणीय बना दिया। उमड़ी भीड़ ने भी आरती के स्वर में अपना स्वर जोड़कर आस्था प्रकट की। 

सदर विधायक राजेंद्र मौर्य, नगर पालिकाध्यक्ष हरि प्रताप सिंह, डीएम संजीव रंजन, एसपी सतपाल अंतिल, सीडीओ नवनीत सेहरा, अपना दल नेता प्रज्ञा सिंह समेत अतिथियों ने भगवान की आरती उतारी। श्रीराम लीला समिति के संरक्षक रोशनलाल ऊमरवैश्य, अध्यक्ष संजय खंडेलवाल, मंत्री विपिन गुप्ता व संयोजक दिनेश सिंह दिन्नू ने सबका अभिनन्दन किया। आचार्य आलोक ऋषिवंश व लक्ष्मी नारायण मंदिर के महंत विशाल शर्मा ने मंत्रोच्चार किया। आयोजन के लिए चौक घंटाघर को दुल्हन की तरह अनेक रंग-बिरंगी झालरों से सुसज्जित किया गया था। इसके पहले पूरी रात दर्जनों कलात्मक झांकियां, चौकियां लोगों को आस्था से झंकृत करती रहीं। राम दल, भरत दल, हनुमान दल व लवकुश दल चार दिशाओं से आए। फिर भरत मिलाप हुआ। भीड़ को देखते हुए दो हजार पुलिस कर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। मेले में सात लोग रात भर के लिए हिरासत में ले लिए गए थे। सुबह उनको चेतावनी देकर छोड़ा गया। भरत मिलाप का मेला सकुशल सम्पन्न होने पर जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली। श्रीरामलीला समिति ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

ये भी पढ़ें -मेरी माटी मेरा देश अभियान : मिट्टी से भरे अमृत कलश भेजे गए लखनऊ

संबंधित समाचार