प्रतापगढ़: रिटायरमेंट में चार दिन शेष, पीड़ित से रिश्वत लेते पकड़ा गया कानूनगो

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पैमाइश के नाम पर घूस लेते हुए पकड़े जाने पर एंटी करप्शन प्रयागराज की टीम ने दर्ज कराया केस

प्रतापगढ़, अमृत विचार। रिटायरमेंट के महज चार दिन पहले कानूनगो को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। पैमाइश के नाम पर पीड़ित से छह हजार रुपये घूस लेते हुए एंटी करप्शन प्रयागराज की टीम ने पकड़ कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कानूनगो की गिरफ्तारी से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।

मानधाता के अकोढ़िया निवासी रमाशंकर सिंह पट्टी सर्किल में कानूनगो के पद पर तैनात था। प्रगासपुर के निवासी उदय राज यादव ने इसके खिलाफ एंटी करप्शन में शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि वह अपनी जमीन पर घर बना रहा था तो प्रधान ने उसे बंजर बताते हुए काम करने से रोक दिया था। इस पर पैमाइश के लिए उदय राज तहसील का चक्कर लगाने लगे। यही नहीं बंजर भूमि पर निर्माण की शिकायत आइजीआरएस पोर्टल पर की गई।

इसी पोर्टल पर उदयराज के पक्ष में रिपोर्ट लगाने के बदले कानूनगो रमाशंकर की ओर से छह हजार की घूस मांगी गई। वहीं शुक्रवार को रिश्वत देने के लिए कानूनगो ने महुली मंडी के पास बुलाया। पहले से सतर्क एंटी करप्शन टीम ने इंस्पेक्टर अंजली यादव के नेतृत्व में वहां जाल बिछा दिया।

जैसे ही उदय राज ने पैसा कानूनगो के हाथ में दिया, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद टीम रमाशंकर को लेकर नगर कोतवाली पहुंचकर भ्रष्टाचार का केस दर्ज करा कर प्रयागराज लौट गई। नगर कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।

ये भी पढ़ें -देश की अर्थव्यवस्था में रहा अरविंद भाई का योगदान : पीएम मोदी

संबंधित समाचार