CM Yogi In Kanpur: आज 11 रास्तों का ट्रैफिक रहेगा प्रभावित, डायवर्जन के साथ की गई पार्किंग व्यवस्था, यहां देखें- पूरी लिस्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीएम योगी आदित्यनाथ के कानपुर आगमन से पहले किया गया रूट डायवर्जन।

सीएम योगी आदित्यनाथ के कानपुर आगमन से पहले रूट डायवर्जन किया गया। इसके साथ ही पार्किंग की व्यवस्था भी की गई। चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात है।

कानपुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 28 अक्टूबर को शहर में होंगे। इसे लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने मार्ग परिवर्तन और पार्किंग की योजना जारी की है। इसके तहत महानगर के 11 सड़क मार्ग प्रभावित रहेंगे। फजलगंज व विजयनगर की ओर से आने वाले लाभार्थियों की बसें कमला नगर चौराहे से बायें मुड़कर जेके मंदिर चौकी चौराहा से बायें वाली सड़क के किनारे व सिंघानिया स्कूल के मैदान में पार्क होंगी। पुलिस ने इसको लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 

जेके मंदिर का कार्यक्रम :

-होटल रायल क्लिफ की तरफ से आने वाला यातायात नरेन्द्र मोहन सेतु से होकर जेके मंदिर की ओर नहीं जा सकेगा। इन वाहनों को हैलट इमरजेन्सी गेट के सामने से नरेन्द्र मोहन सेतु के नीचे सर्विस रोड से गोल चौराहा होकर गुटैया क्रासिंग से गुजारा जाएगा।

-फजलगंज से आने वाला यातायात मरियमपुर चौराहा से आगे जेके मंदिर की ओर नहीं जाएगा। इन्हें मरियमपुर से बायें मुड़कर चैन फैक्ट्री होकर गुजारा जाएगा। मरियमपुर चौराहा से मध्यम व भारी व्यवसायिक वाहन कोकाकोला क्रासिंग की ओर नहीं जा सकेंगे।

-कोकाकोला रेलवे क्रासिंग से मरियमपुर की तरफ वाहन नहीं जा सकेंगे।

-डबल पुलिया की ओर से आने वाले वाहन देवकी चौराहा से रेवमोती, गुटैया क्रासिंग व पॉलीवाल तिराहा की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें देवकी चौराहा से बाएं मुड़कर गीता नगर शारदा नगर क्रासिंग से जीटी रोड होकर गुजारा जाएगा।

-गोल चौराहा व गुटैया रेलवे क्रासिंग से वाहन रेवमोती तिराहे से बायें मुड़कर नरेन्द्र मोहन सेतु की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें रेवमोती से आगे देवकी चौराहा से डबल पुलिया चौराहा होकर निकाला जाएगा।

किदवई नगर का कार्यक्रम :

-नौबस्ता की ओर से मध्यम व भारी वाहन यशोदा नगर चौराहा से बायें मुड़कर किदवई नगर चौराहा की ओर नहीं जा सकेंगे।

-बर्रा बाईपास से कोई भी मध्यम व भारी वाहन नन्दलाल व चावला चौराहा होकर फजलगंज की ओर नहीं जा सकेंगे।

-बर्रा चौराहा से आने वाले मध्यम व भारी वाहन नौबस्ता चौराहा से बायें मुड़कर गौशाला व बारादेवी चौराहा की ओर नहीं जा सकेगा।

-नन्दलाल व चावला चौराहा से कोई भी मध्यम व भारी वाहन दीप तिराहा से बायें मुड़कर संजयवन, शनिदेव मंदिर तिराहा की ओर नहीं जा सकेगा।

-गौशाला की ओर से आने वाला दो पहिया चार पहिया वाहन शनिदेव मंदिर संजय वन की ओर ना जाकर सोटे वाले बाबा हनुमान मंददिर से बायें मुड़कर साइट नंबर-1 से होकर जाएंगे।

-यशोदा नगर की ओर से आने वाला दो पहिया व चार पहिया वाहन शनिदेव मंदिर से बाएं मुड़कर सोटे बाबा संजयवन की ओर नहीं जा सकेगा। इन वाहनों को शनिदेव मंदिर से आगे किदवई नगर चौराहा से बायें मुड़कर साइट नंबर एक से होकर गुजारा जाएगा।

-कानपुर उत्तर की ओर से आने वाली लाभार्थियों की बसें शनिदेव मंदिर तिराहे से आगे किदवई नगर चौराहे तक सड़क के बायीं ओर पार्क होंगी।

-रामलीला मैदान किदवई नगर में कार्यक्रम स्थल पर आने वाले दो पहिया चार पहिया वाहन पार्क कर सकेंगे।

यहां पर की गई पार्किंग की व्यवस्था :

-फजलगंज व विजयनगर की ओर से आने वाले लाभार्थियों की बसें कमला नगर चौराहे से बायें मुड़कर जेके मंदिर चौकी चौराहा से बायें वाली सड़क के किनारे व सिंघानिया स्कूल के मैदान में पार्क होंगी।

-कल्याणपुर, रावतपुर, मोती झील, जरीब चौकी से आने वाली बसें नरेन्द्र मोहन सेतु से पालीवाल तिराहा से आगे मनोज पान भंडार चौराहा से बायें मुड़कर जेके पुलिस चौकी चौराहा जाने वाली सड़क के किनारे बायें तरफ पार्क होंगी।

-मीडिया पार्किंग जेके मंदिर चौकी के पीछे वाली सड़क के किनारे होगी।

-जेके मंदिर चौकी चौराहे से दाहिने जाने वाली सड़क के किनारे-किनारे वरिष्ठ अधिकारियों की पार्किंग और कार्यक्रम स्थल पर बायें जाने वाली सड़क के किनारे-किनारे वीआईपी पार्किंग होगी।

दूसरे जनपदों से आने वाली बसें यहां पार्क होंगी

-जनपद फतेहपुर कन्नौज, फर्रुखाबाद की ओर से आने वाली लाभार्थियों की बसें किदवई नगर चौराहे से वृन्दावन लान, यशोदा नगर की तरफ सड़क की बाईं ओर पार्क होंगी।

-जनपद कानपुर देहात, इटावा कानपुर ग्रामीण की तरफ से आने वाली लाभार्थियों की बसें यशोदा नगर चौराहे से बायें मुड़कर वृन्दावन लान के सामने वाली सड़क से मधुलोक अस्पताल तक जाने वाली सड़क के दोनों ओर पार्क होंगी।

-जनपद ललितपुर, महोबा की ओर से आने वाली लाभार्थियों की बसें यशोदा नगर चौराहे से बायें मुड़कर भगवती पेट्रोल पंप के सामने से जाने वाली सड़क बीमा अस्पताल होते हुए यशोदा नगर कट तक सड़क के दोनों ओर पार्क होंगी।

-जनपद बांदा, झांसी, चित्रकूट हमीरपुर की ओर से आने वाली लाभार्थियों की बसें बरगदिया तिराहे से छोटी गौशाला चौराहे तक सड़क के बायें ओर पार्क होंगी। जनपद जालौन की ओर से आने वाली लाभार्थियों की बसें सोटे बाबा मंदिर चौराहे से अलंकार गेस्ट हाउस तिराहे तक सड़क के बायें ओर पार्क होंगी।

संबंधित समाचार