अयोध्या : नहीं माने डाक्टर, क्षमा याचना के बाद फिर लिखी बाहर से दवाएं - जानें क्या है मामला 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीएमओ ने दिए नोडल अधिकारी को जांच के आदेश 

अयोध्या, अमृत विचार। मिल्कीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डाॅ गया प्रसाद विश्वकर्मा के विरुद्ध बाहर से दवाएं लिखने की शिकायत पर फिर जांच के आदेश दिए गए हैं। इस बार सीएमओ ने बेहद कड़ा पत्र लिखा है। जिसमें कहा गया है कि क्षमा याचना के बाद फिर बाहर से दवा लिखने की शिकायत गंभीर है। उन्होंने इसे लेकर अपर मुख्य चिकित्सा नोडल अधिकारी मिल्कीपुर अधिकारी डॉ पुष्पेन्द्र कुमार को गंभीरता से जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। 
   
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संजय जैन द्वारा जारी जांच के आदेश पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि इससे पहले आईजीआरएस पर शेष कुमार दूबे द्वारा डाॅ गया प्रसाद विश्वकर्मा के विरुद्ध बाहर से दवाएं लिखने की शिकायत की गई थी, जिस पर डॉ गया प्रसाद विश्वकर्मा ने क्षमा याचना की गई थी। तत्कालीन सीएमओ ने उन्हें सचेत करते हुए चेतावनी दी थी कि भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति क्षम्य नहीं होगा। सीएमओ डॉ संजय जैन ने जारी पत्र में लिखा है कि इसके बावजूद उनके द्वारा बाहर से दवाएं लिखने की शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने नोडल अधिकारी को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने का निर्देश दिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि शीघ्र ही जांच रिपोर्ट सीएमओ को सौंप दी जाएगी। बता दें कि ताजा शिकायत गोकुला निवासी आशुतोष सिंह द्वारा सीएमओ से की गई है। साक्ष्य के रूप में पर्चा और दवाएं दीं गईं हैं। 

जांच के आदेश से पहले ही सीएचसी अधीक्षक ने दी क्लीन चिट 
सीएमओ द्वारा नोडल अधिकारी डॉ पुष्पेन्द्र कुमार को जांच के लिए आदेश पत्र 12 अक्टूबर को जारी किया गया। जिसमें विस्तृत जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। वहीं मिल्कीपुर सीएचसी अधीक्षक ने 11 सितम्बर को ही एक पत्र सीएमओ को भेज कर डॉ गया प्रसाद विश्वकर्मा को क्लीन चिट दे दी। सीएचसी अधीक्षक ने सीएमओ को लिखा कि आशुतोष सिंह की शिकायत की जांच की गई। चिकित्सक ने अपने स्पष्टीकरण में आरोप से इंकार किया है। अधीक्षक ने लिखा है कि शिकायतकर्ता का आरोप निराधार और मनगढ़ंत है। लाख टके का सवाल यह है कि जब जांच सीएमओ नोडल को दे रहे हैं तो अधीक्षक किस आधार पर क्लीन चिट देकर आरोपित चिकित्सक का बचाव कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें -IND vs ENGLAND wc 2023 : शहीद पथ पर ट्रैफिक बंद करेगी पुलिस, वाहनों के रुकने पर भी बैन

संबंधित समाचार