Kanpur Dehat News: घर में सोते समय मजदूर की मौत, हिस्ट्रीशीटर समेत छह लोगों पर मुंह दबा कर हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में घर में सोते समय मजदूर की संदिग्ध मौत।

कानपुर देहात में घर में सोते समय मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने गांव के हिस्ट्रीशीटर समेत छह लोगों पर मुंह दबा कर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की।

कानपुर देहात, अमृत विचार। रसूलाबाद के मगनूं गांव निवासी मजदूर की संदिग्ध हालत में घर में सोते समय मौत हो गई। परिजन सीएचसी ले गए। वहां ईएमओ ने परीक्षण के बाद मजदूर को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने गांव के छह लोगों पर मुंह दबा कर हत्या करने आरोप लगाते हुए पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने छानबीन शुरू की है।

जोत ग्राम के मजरा मगनूं गांव निवासी मजदूर रवि शंकर (36) गुरुवार शाम महाकपूर्वा गांव निवासी किसान हरिराम की धान पत्नी व अन्य लोगों के साथ मजदूरी में काटने गया था। धान काटकर घर वापस आने पर वह खाना खाकर बरामदे में छप्पर के नीचे चारपाई डालकर सो गया।

रविशंकर की पत्नी संजू के अनुसार बेटे अभिजीत व अभिनीत कमरे के अंदर सो रहे थे। पति छप्पर के नीचे और वह कमरे के बाहर दरवाजे के पास चारपाई में लेटी थी। तभी रात में पति के चीखने की आवाज सुनकर वह जागी, तो उसके घर में गांव के दो नामजद समेत पांच-छह लोग पति को चारपाई पर दबाए थे।

संजू ने आरोप लगाते हुए बताया कि वह जागने पर जब शोर मचाने लगी। तभी घटना को अंजाम दे रहे आरोपी मौके से भाग गए। इसके बाद वह एंबुलेंस से पति रविशंकर को लेकर सीएचसी पहुंची। वहां ईएमओ डॉ. एन. चंद्रा ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर मेमो भेज कर पुलिस को सूचना दी।

जानकारी पाकर सीएचसी पहुंचे हल्का इंचार्ज उम्मेद सिंह चौहान व पुलिस टीम ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पत्नी समेत अन्य परिजनों ने गांव के एक हिस्ट्रीशीटर समेत छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि सीएचसी से भेजे गए मेमो के आधार पर पुलिस टीम भेज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने व तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। 

पत्नी भगाने के शक में पड़ोसी पर परेशान करने का आरोप

मगनू गांव निवासी एक मजदूर की 45 वर्षीय पत्नी रवि शंकर के रिस्तेदार नासरखेड़ा झींझक निवासी एक विवाहित युवक के साथ 15 अक्टूबर को कहीं चली गई थी। महिला के पति ने थाने में की थी। जिसके बाद पुलिस ने 17 अक्टूबर को मृतक रविशंकर को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद छोड़ दिया था।

वहीं महिला को ले जाने वाला नासरखेड़ा झींझक निवासी आरोपी अभी तक पुलिस को नहीं मिल सका है। रविशंकर की पत्नी संजू के अनुसार 18 अक्टूबर से शुक्रवार शाम तक कई बार लापता महिला का पति जोत निवासी एक हिस्ट्रीशीटर के साथ घर आकर जान से मारने की धमकी देता था। शुक्रवार रात पति के चीखने पर जब उसकी आंख खुली। तब महिला का पति उसके घर में मौजूद था।

मासूमों के सिर से उठा पिता का साया 

मृतक रविशंकर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। पत्नी संजू ने सीएचसी में बिलखते हुए कहा कि बेटा अभिजीत (8) व अभिनीत (5) की परवरिश अब कैसे करेगी। उसके पड़ोसियों ने पत्नी भगाने के शक मे दो मासूमों के पिता की मुंह दबाकर हत्या कर दी। पत्नी व परिजनों को बिलखते देख मृतक रविशंकर के बड़े भाई धर्मेंद्र व रामबाबू भी फफक कर रो पड़े।

संबंधित समाचार