UPSSSC PET 2023: Banda में पहले दिन आधे से ज्यादा अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा, दो पालियों में संपन्न हुईं परीक्षा
बांदा में पहले दिन आधे से ज्यादा अभ्यर्थियों ने पीईटी परीक्षा छोड़ी।
बांदा में पहले दिन आधे से ज्यादा अभ्यर्थियों ने पीईटी परीक्षा छोड़ी। दो पालियों में 14 केंद्रों में शांति पूर्वक परीक्षा संपन्न हुईं।
बांदा, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की ओर से आयोजित प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) शनिवार को छोड़ दी। 20,603 में 5,648 अभ्यर्थी शामिल हुए।
पीईटी परीक्षा के लिए पूरे जनपद में कुल 14 केंद्र निर्धारित किए गए थे। शनिवार को सुबह 10 से 12 बजे की पहली पाली में पंजीकृत 6676 में 3768 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। जबकि 2808 ने परीक्षा दी। प्रशासन के निर्देश पर केंद्र व्यवस्थापकों ने परीक्षा केंद्रों को सुबह आठ बजे से खुले रहे।
उधर, दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन से पांच बजे तक हुई। इसमें पंजीकृत 6576 परीक्षार्थियों में 2840 ने परीक्षा दी। जबकि 3736 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। केंद्रों में अंदर की कमान संभालने के लिए 15 स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए थे। फिलहाल शाम पांच बजे परीक्षा सकुशल खत्म होने के बाद प्रशासन व केंद्र व्यवस्थापकों राहत की सांस ली।
सामान्य ज्ञान के घुमावदार प्रश्नों से चकराए अभ्यर्थी
शनिवार को पहले दिन पीईटी परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया। यहां प्रयागराज से परीक्षा देने आए विकास ने बताया की प्रारंभिक पात्रता परीक्षा का प्रश्न पत्र सिलेबस के अनुरूप ही रहा। प्रश्न पत्र में गणित, अंग्रेजी, इतिहास, भूगोल, सिविक्स, हिंदी, अंग्रेजी आदि विषयों के प्रश्न पूछे गए। कौशांबी के राहुल मिश्रा ने बताया कि गणित में प्वाइंट वाले प्रश्न थोड़े कठिन थे। पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष का पेपर काफी कठिन आया था। जनरल नॉलेज के प्रश्न काफी घूमा फिराकर कर पूछे गए थे, जिनका हल करने में काफी समय लग गया। कुछ छात्रों ने बताया कि पेपर 100 नंबर का आया था लेकिन नेगेटिव मार्किंग होने की वजह से काफी प्रश्नों को छोड़ना पड़ा।
डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने पीईटी परीक्षा को नकल विहीन, शांतिपूर्ण तथा कुशलतापूर्वक संपन्न कराने को लेकर जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का गहनता से निरीक्षण किया। केंद्र व्यवस्थापक से सीसीटीवी कैमरों आदि की जानकारी ली। बताया कि शासन के निर्देशों के मुताबिक परीक्षा कराई जा रही है। केंद्र व्यवस्थापकों के जवाब पर डीएम ने संतोष जताया। साथ ही रविवार को आयोजित होने वाली परीक्षा की तैयारियों समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
सचल दल ने एक को पकड़ा
शनिवार को पहली पाली में चिल्ला रोड स्थित भागवत प्रसाद मेमोरियल पब्लिक स्कूल में प्रयागराज निवासी पंकज मौर्या पुत्र रामलखन मौर्या को सचल दल ने डिवाइस का प्रयोग करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। पकड़े गए अभ्यर्थी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई है।
