बरेली: गाड़ी गंदी होने पर भोजीपुरा विधायक पर चालक से मारपीट का आरोप
बरेली, अमृत विचार। भोजीपुरा विधायक शहजिल इस्लाम पर उनके चालक ने मारपीट और जातिसूचक शब्द कहने का आरोप लगाते हुए एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र दिया है। चालक का आरोप यह है कि उसका मेहनताना भी अब तक नहीं मिला है।
राजेन्द्र नगर निवासी धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि वह भोजीपुरा विधायक शहजिल इस्लाम के यहां 4-5 महीने से चालक हैं। 27 अक्टूबर को वह अवकाश पर थे, लेकिन रात 10 बजे फोन कर बुलाया और विधायक शहजिल इस्लाम को जंक्शन से लाने के लिए कहा। वह जंक्शन पर रात 11 बजे पहुंच गए लेकिन ट्रेन लेट होने के कारण विधायक सुबह छह बजे पहुंचे।
आरोप है कि गाड़ी देखते ही विधायक गालीगलौज करने लगे और कहा कि गाड़ी साफ नहीं की। जाति सूचक शब्द कहे। विरोध करने पर मारपीट की। इस मामले में विधायक शहजिल इस्लाम का कहना है कि लखनऊ से वापसी पर देखा तो चालक कार के अंदर सो रहा था। जब कार में बैठा तो कार में शराब की दुर्गंध आ रही थी और चालक नशे में ठीक से बोल भी नहीं पा रहा था। इस स्थिति में खुद ही कार चलाकर स्टेशन से घर तक गया। ड्राइवर से कोई मारपीट नहीं हुई। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी को देखने से भी पूरा वाकया स्पष्ट हो जाएगा।
ये भी पढ़ें- बरेली: अब कोहाड़ापीर रोड पर बैरियर लगाकर रोकी आवाजाही
