बरेली: गणित के सवालों में उलझे अभ्यर्थी, 12827 ने छोड़ दी परीक्षा
जिले के 37 केंद्रों पर दोनों पालियों में 19813 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
बरेली, अमृत विचार। जिले के 37 केंद्रों पर शनिवार को प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) दोनों पालियों में सकुशल और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। गणित के सवालों को देखकर अभ्यर्थी चकरा गए। बाकी विषयों के सवाल हल कर लेने से अभ्यर्थियों में पास होने की उम्मीद जगी है। अधिकतर अभ्यर्थियों का कहना था कि पीईटी का इतना कठिन प्रश्न पत्र आएगा, उन्होंने कल्पना नहीं की थी। दोनों पालियों में 12 हजार 827 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
रविवार भी दोनों पालियों में परीक्षा होगी, जिसमें 32640 अभ्यर्थी शामिल होंगे। शनिवार को 37 केंद्रों पर पहली पाली में सुबह 10 से 12 और दूसरी पाली में 3 से 5 के बीच परीक्षा हुई। पहली पाली में 16320 अभ्यर्थियों की जगह पर 10018 ने ही परीक्षा दी, जबकि 6302 परीक्षा से गैर हाजिर रहे। दूसरी पाली में 9795 अभ्यर्थी परीक्षा शामिल हुए और 6525 ने परीक्षा नहीं दी। परीक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए डीएम रविंद्र कुमार, एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बिशप मंडल इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, महामाया विहार सीनियर सेकेंडरी स्कूल का औचक निरीक्षण किया। सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट मुस्तैद रहे।
बस जैसे-तैसे पेपर हो गया है। सीतापुर से आया हूं। गणित के सवाल इतने कठिन आए थे, जिनको हल करने में पसीना आ गया है। हिंदी के सवाल आसान थे। वह सभी अच्छे से हो गए हैं।हर्षित सिंह, अभ्यर्थी
लखीमपुर से परीक्षा देने आया हूं। इंग्लिश और सामान्य ज्ञान के सवाल ठीक आए थे। हिंदी के सवाल भी हल हो गए। सबसे ज्यादा दिक्कत गणित के सवालों को हल करने में हुई है।-अमन, अभ्यर्थी
पेपर ठीक ही रहा। शाहजहांपुर से आया हूं। पीईटी में गणित के सवाल इतने टफ आएंगे, सोचा नहीं था। काफी समय सवालों को हल करने में चला गया। -शाहरुख, अभ्यर्थी
जो पढ़ा था, उसमें से सवाल बहुत कम आए। ऐसी उम्मीद नहीं थी। इतने कठिन सवाल थे कि हल करने में दिक्कत हुई। पूरा पेपर हल किया है।-जय सिंह, अभ्यर्थी
ये भी पढ़ें- बरेली: विकास कार्यों में झोल...जनप्रतिनिधियों ने खोली सिस्टम की पोल
