बरेली: मंडल के 250 निवेशकों से संपर्क नहीं... घटेगा 77 हजार 578 करोड़ का निवेश
फरवरी में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में बरेली मंडल से 1189 निवेशकों ने एमओयू किए थे हस्ताक्षर
राकेश शर्मा/बरेली, अमृत विचार। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन में निवेशक बनकर एमओयू साइन करने वाले उद्यमियों का सच सात माह के बाद बाहर आने लगा है। जहां बरेली मंडल के सभी जिले ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए निवेशकों को तैयार करने में जुटे हैं, वहीं मंडल के करीब 250 निवेशकों से संपर्क नहीं होने की ताजा तस्वीर ने बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर जिले के अफसरों को झटका दिया है।
उद्योग विभाग के अधिकारियों के अनुसार मंडल के 250 ऐसे निवेशक हैं, जिनसे संपर्क नहीं हो रहा है। इसमें डुप्लीकेट, निरस्त होने योग्य समेत अन्य कारण बताए हैं। इतने निवेशकों का करीब 77 हजार 578 करोड़ से अधिक निवेश भी घटेगा। उद्योग विभाग के अधिकारी इन निवेशकों के बारे में सही जानकारी करने में जुटे हैं, लेकिन समिट के सात माह के बाद यह तस्वीर सामने आने पर प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल यह उठ रहे हैं।
जिलों में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी की तैयारियों के बीच निवेशकों की स्थिति सार्वजनिक होने पर अधिकारी भी असमंजस में हैं। दरअसल, 26 अक्टूबर को कमिश्नर सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक हुई थी। जिसमें उद्योग विभाग की ओर से ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से लेकर मंडल के प्रमुख निवेशकों की समस्याओं का एजेंडा भी रखा गया। उस एजेंडे में 250 निवेशकों का डेटा भी शामिल था। एजेंडे की रिपोर्ट में बताया गया कि बरेली में 21 निवेशक व 1448.34 करोड़ निवेश, बदायूं में 38 निवेशक और 1347.47 करोड़ निवेश, पीलीभीत में 97 निवेशक व 5351 करोड़ निवेश और शाहजहांपुर में 94 निवेशक और 69432.07 करोड़ निवेश की स्थिति साफ नहीं है। ये इकाइयां संपर्क न होने, डुप्लीकेट व निरस्त होने योग्य हैं।
जीबीसी के लिए जिलेवार इतने निवेशक हैं तैयार
जिला निवेशक निवेश (करोड़)
बरेली 245 29502.10
बदायूं 40 254
पीलीभीत 66 980.90
शाहजहांपुर 89 211.86
कुल 440 32748.86
मंडल के 393 निवेशकों की इकाइयां हैं पाइपलाइन में
मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक में उद्योग विभाग की ओर से प्रस्तुत किए एजेंडे के अनुसार मंडल में 393 निवेशकों की इकाइयां अभी पाइपलाइन में हैं। जो किसी न किसी कारण ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए तैयार नहीं हुईं। इसमें बरेली में 219 निवेशक 10421.03 करोड़, बदायूं में 47 निवेशक 1958.13 करोड़, पीलीभीत में 85 निवेशक 2448.50 करोड़ और शाहजहांपुर में 42 निवेशक 1835.02 करोड़ का निवेश करेंगे। ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए मंडल के सभी जनपदों के जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय एमओयू क्रियान्वयन इकाई गठित की गई है, जिसमें लगातार बैठकें आयोजित करके उद्यमियों की समस्याओं का निस्तारण कराया जा रहा है।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में मंडल से इतने एमओयू हुए थे साइन
बरेली जनपद से 590 निवेशकों ने 42 हजार 447 करोड़ 16 लाख से अधिक का निवेश करने के लिए एमओयू साइन किए थे। बदायूं से 125 निवेशकों ने 3540 करोड़ 60 लाख का निवेश, पीलीभीत से 248 निवेशकों ने 8780 करोड़ 87 लाख का निवेश और शाहजहांपुर से 225 निवेशकों ने 73 हजार 281 करोड़ का निवेश करने के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए थे।
ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी की तैयारियां चल रहीं हैं। कुछ निवेशकाें से संपर्क स्थापित नहीं हो पा रहा है। प्रयास चल रहे हैं। कुछ ने आर्थिक समस्या बताई है। वह बाद में उद्योग लगाने की बात कह रहे हैं। कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा इकाइयों को चालू कराकर लोगों को रोजगार से जोड़ा जाए-सौम्या अग्रवाल, कमिश्नर।
ये भी पढ़ें- बरेली: विकास कार्यों में झोल...जनप्रतिनिधियों ने खोली सिस्टम की पोल
