बहराइच: कूड़ा डालने के विवाद में जमकर चलीं लाठियां, आठ घायल
बहराइच, अमृत विचार। जनपद के पिपरिया केवलपुर गांव में शनिवार शाम को घूर की जमीन पर कूड़ा लगाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि एक पक्ष की ओर से धारदार हथियार से हमला किया गया। जिसमें आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
दोनों पक्ष ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। 12 लोगों पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खैरी घाट थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत पिपरिया के मजरा केवलपुर निवासी बच्चू के खेत के सामने घूर की जमीन है। इस जमीन पर गांव निवासी संतोखी आदि शनिवार शाम को कूड़ा लगाने जा रहे थे। इसका किन्नू पक्ष के लोगों ने विरोध किया। किन्नू पक्ष के लोगों ने लाठी डंडों से लैस होकर धारदार हथियार से हमला बोल दिया।
हमले में गांव निवासी संतोखी पुत्र राधे, मुरली पुत्र राधे, विक्रम पुत्र अमिरका, बहादुर पुत्र राधे, अमिरका पुत्र राधे, सुमिरन पुत्र राधे और दो महिलाएं घायल हो गईं। गांव के लोगों ने बीच बराव कराया। घायलों को आसपास के लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया। राम सुमिरन पक्ष का कहना है कि बांका और अन्य धारदार हथियार से खूनी संघर्ष किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक एसके सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। एक पक्ष से चार और दूसरे पक्ष से आठ लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि राम सुमिरन पक्ष के आठ लोगों का मेडिकल परीक्षण जिला अस्पताल करने के लिए भेजा गया है। गांव में पुलिस नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़ें:-रायबरेली: युवक का नाले में मिला रक्तरंजित शव, इलाके में सनसनी, चेहरे पर चोट के निशान
