Chitrakoot News: पूर्व सांसद को ढांढस बंधाने आवास पहुंचे केशव मौर्य, बोले- किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा
चित्रकूट में पूर्व सांसद को ढांढस बंधाने आवास पहुंचे केशव मौर्य पहुंचे।
चित्रकूट में पूर्व सांसद को ढांढस बंधाने आवास पहुंचे केशव मौर्य पहुंचे। पीजीआई लखनऊ में इलाज में लापरवाही के सवाल पर असहज नजर आ रहे उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
चित्रकूट, अमृत विचार। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सोमवार को पूर्व सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता भैंरो प्रसाद मिश्र के आवास पहुंचे। उन्होंने पूर्व सांसद को उनके ज्येष्ठ पुत्र प्रकाश मिश्र उर्फ बबलू भइया के निधन पर सांत्वना दी। पीजीआई लखनऊ में इलाज में लापरवाही के सवाल पर असहज नजर आ रहे उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि शनिवार को शनिवार की रात पीजीआई में पूर्व सांसद के बेटे प्रकाश की मौत हो गई थी। प्रकाश को गुर्दे की बीमारी थी और उनका लगातार इलाज चल रहा था। आरोप है कि पूर्व सांसद के बेटे को अस्पताल में तैनात चिकित्सकों ने भर्ती करने में हीलाहवाली की, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले ने तूल पकड़ा तो संस्थान निदेशक डा. आरके धीमन ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी, जो 24 घंटे में अपनी रिपोर्ट शासन को देगी। बताया जाता है कि सांसद ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को भी अस्पताल में लापरवाही और पुत्र को भर्ती कराने में हीलाहवाली करने की जानकारी दी थी और पाठक ने भी अस्पताल प्रशासन को इस संबंध में निर्देशित किया था। बहरहाल, इस मुद्दे ने गंभीर रूप ले लिया।
सोमवार की सुबह उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य चित्रकूट पहुंचे। उन्होंने पूर्व सांसद के आवास पर जाकर उनको ढांढस बंधाया। हालांकि पत्रकारों के सवालों पर उप मुख्यमंत्री असहज नजर आए।
उन्होंने इस सवाल पर कि जब पूर्व सांसद के बेटे को भर्ती करने में यह लापरवाही और हीलाहवाली की जाती है तो आम आदमी के साथ क्या होता होगा, पर सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है और जो भी दोषी होगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह दुखद घटना है और मैं शोक जाहिर करने आया हूं। जांच कराई जाएगी, जो सरकार को करना होगा कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: ITI में जुलाई से युवा सीखेंगे रोबोट बनाना… इन पांच विषयों के लिए कराया जाएगा प्रशिक्षण
