प्रतापगढ़: हीरागंज में ईओ और नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ सभासदों ने फूंका बिगुल, लगाया यह बड़ा आरोप
कुण्डा/प्रतापगढ़। नव सृजित नगर पंचायत हीरागंज में अधिशाषी अधिकारी और नगर पंचायत अध्यक्ष पर अनियमितता और मनमानी का आरोप लगाते हुए सभासदों ने विरोध का बिगुल फूंक दिया है। जिलाधिकारी को सामूहिक शिकायती पत्र देकर सभासदों ने जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
नगर पंचायत हीरागंज के माधव नगर वार्ड से सभासद चंदन त्रिपाठी के नेतृत्व में सभासदों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया। सभासदों का आरोप है कि अपने करीबियों को लाभ पहुंचाने के लिए बिना किसी टेंडरिंग के राज्य वित्त एवं 15वें वित्त की धनराशि से नगर में अनियमितता पूर्ण कार्य कराया जा रहा है।

पूर्व में नियुक्त किये गए सफाई कर्मियों को बिना कारण बताएं बाहर कर दिया गया। रूपये लेकर अपने करीबियों की नई नियुक्ति की गई है। यह भी आरोप है कि पैसे लेकर फर्जी ढंग से उपस्थिति लगाई जाती है। सभासदो का यह भी आरोप है कि नगर पंचायत क्षेत्र में नवीन पंचायत भवन समेत सरकारी भवन बेहतर तरीके से बने हुए हैं।
बावजूद इसके अपने करीबी को लाभ पहुंचाने के लिए 15 हजार रूपए प्रति माह की दर से किराये पर नगर पंचायत कार्यालय के लिए भवन लिया गया है,जिससे नगर पंचायत की धन हानि हो रही है। अधिशाषी अधिकारी एवं नगर पंचायत अध्यक्ष पर मनमानी का आरोप लगाते हुए सभासदों जिलाधिकारी से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: सड़क हादसों में सफाई कर्मी समेत तीन घायल, चारपाई पर बैठे बुजुर्ग दंपती को मैजिक वाहन ने रौंदा
