प्रतापगढ़: सपा कार्यकर्ता की हत्या कर दोस्तों ने शव नदी में फेंका, मुख्य आरोपी समेत चार हिरासत में
रानीगंज/लालगंज, प्रतापगढ़, अमृत विचार। सपा नेता का दोस्तों के साथ खाने-पीने के दौरान विवाद हो गया। दोस्तों ने उसे मार कर शव को नदी में फेंक दिया, जिसकी पहचान कई घंटे बाद हो सकी। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार को हिरासत में लिया है। गाड़ी भी बरामद हो गई है।
नगर कोतवाली के पृथ्वीगंज भगेसरा अजय यादव उर्फ दीपक (27) सपा कार्यकर्ता था। वह सपा के बैनर तले सभासद का चुनाव भी लड़ा था। उसके पिता पुलिस विभाग में फालोअर हैं। परिजन के अनुसार रविवार की रात करीब आठ बजे घर से करीब सौ मीटर दूर वह पंपिंग सेट से खेत की सिंचाई कर रहा था। इसी बीच बोलेरो सवार लोगों ने उसका अपहरण कर लिया।
सूचना पर पुलिस ने अपहृत सपा कार्यकर्ता के दोस्त आशीष वर्मा को पकड़कर पूछताछ करते हुए कर्रा किया तो घटना में प्रयुक्त बोलेरो बरामद हो गई। इधर सोमवार सुबह दीपक की मां व उसकी चचेरी बहन अंकिता कोतवाली में तहरीर देने जा रही थी। रास्ते में तबीयत बिगड़ जाने से अंकिता की मौत हो गई थी।
दीपक की मां गीता देवी की तहरीर पर जौनपुर जिले के रैनी निवासी प्रधान के पुत्र रवि व इसी गांव के आशीष वर्मा उर्फ गुड्डू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मामले में पुलिस पैसे के लेनदेन में हुए विवाद के चलते हुई घटना की बात कह रही है। वहीं मंगलवार सुबह लालगंज तहसील अंतर्गत सांगीपुर थाना के थरिया बनियानार गांव के पास से गुजरी सई नदी में शौच गए ग्रामीणों ने एक युवक का शव उतराया देखा तो खलबली मच गई।
जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। दीपक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन बिलख पड़े। दीपक की पत्नी अमृता रो- रोकर बेहाल रही। दीपक मां गीता भी बेसुध हो गई। तीनों बच्चें दीपांश, सूर्यांश और शिवांश की आंखे भी अपनों को रोता देख नम हो गई थी। घर पर गांव वालों की भीड़ जमा रही।
इधर गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर उसके साथ नगर कोतवाली पुलिस टीम भी यहां पहुंच गई। ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकलवाया। उसकी पहचान कई घंटे बाद अगवा हुए सपा कार्यकर्ता अजय यादव उर्फ दीपक के रुप में हुई। सीओ लालगंज राम सूरत सोनकर ने मौके पर पहुंचकर कोतवाली नगर पुलिस को सौंप दिया।
दीपक और उसके दोस्त पंपिंग सेट पर ही खाए पिए। वहीं पर पैसे के लेनदेन के पुराने विवाद में फिर से कहा सुनी हो जाने पर सब ने मिलकर दीपक को मारा पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। फारेंसिक टीम को खान-पान के नमूने वहां पर मिले हैं। अपने बचाव में लाश को ठिकाने लगाने के लिए वह लोग लाश को लेकर चले गए और फिर उसे नदी में फेंक दिया। आशीष और रवि समेत चार आरोपी पकड़े जा चुके हैं। सभी पर कार्रवाई होगी..., सतपाल अंतिल, एसपी प्रतापगढ़।
यह भी पढ़ें:-सुलतानपुर में बोले अजय राय- केंद्र सरकार ईडी का कर रही गलत इस्तेमाल
