शाहजहांपुर: नौकरी समाप्ति के नोटिस पर फूटा गुस्सा, प्रोसेसिंग प्लांट पर चढ़कर किया हंगामा, दी आत्महत्या धमकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट व सीओ सदर मौके पर पहुंचे, कर्मचारियों से वार्ता करने नहीं पहुंचा फैक्ट्री प्रबंधन का कोई जिम्मेदार

शाहजहांपुर/रौसरकोठी/रोजा, अमृत विचार : रोजा क्षेत्र में रौसर कोठी गांव स्थित यूनाइटेड स्प्रिट लिमिटेड में मंगलवार को करीब 246 कर्मचारियों को सेवा समाप्ति का नोटिस दे दिया गया। साथ ही हाजिरी वाली मशीन का तार तोड़ दिया गया। नोटिस और मशीन को भी बंद देख कर्मचारियों का गुस्सा फूटने के कारण जमकर हंगामा हुआ।

कर्मचारी फैक्टरी परिसर में स्थित छह मंजिला प्रोसेसिंग प्लांट पर चढ़ गए। इसकी जानकरी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया। वहीं कर्मचारी अतुल त्रिवेदी सीढ़ियों से उतरते समय गिरकर घायल हो गए। मौके पर मौजूद सीओ सदर अमित चौरसिया ने उन्हें जिला अस्पताल भेजा है।

देर शाम करीब साढ़े छह बजे अधिकारियों के आश्वासन पर प्लांट से उतरकर आए कर्मचारियों से वार्ता का दौर जारी है। शराब फैक्टरी में करीब दस साल से उत्पादन बंद है। उत्पादन शुरू करने के लिए कर्मचारी फैक्टरी गेट पर करीब 272 दिन से क्रमिक अनशन कर रहे थे। मंगलवार सुबह आठ बजे जब कर्मचारी फैक्टरी पहुंचे और अपना कार्ड पंच करने का प्रयास किया तो देखा कि दो जगह मशीनों के तार कटे हुए थे।

एक जगह से मशीन ही गायब थी। वहां उन्हें 31 अक्तूबर का एक पत्र प्रबंधन की ओर से मिला, जिसमें फैक्टरी बंद करते हुए 244 नियमित और दो कैजुअल कर्मचारियों की सेवा समाप्ति की बात थी। नोटिस पढ़ते ही कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ गया। सभी कर्मचारी फैक्ट्री गेट पर कर्मचारी जमा होने लगे और वे फैक्ट्री प्रबंधन के विरुद्ध नारेबाजी करने लगे। फिर कुछ कर्मचारी प्रोसेसिंग प्लांट पर चढ़ गए और कूदकर जान देने की घोषणा करने लगे।

कर्मचारियों के प्लांट पर चढ़कर विरोध करने की सूचना पर फैक्ट्री प्रबंधन व प्रशासन में अफरातफरी मच गई। एडीएम प्रशासन संजय पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा, सीओ सदर अमित चौरसिया, थाना रामचंद्र मिशन इंस्पेक्टर अरविंद सिंह चौहान सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए और कर्मचारियों से वार्ता की, लेकिन कर्मचारी फैक्ट्री प्रबंधन से वार्ता करने की बात कहते हुए विरोध प्रदर्शन करते रहे। प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने कर्मचारियों से वार्ता करने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं मानें।

इंकलाब-जिंदाबाद के लगाए नारे: प्रोसेसिंग प्लांट से कर्मचारियों ने इंकलाब जिंदाबाद, मजदूर एकता जिंदाबाद के नारे लगाते रहे। विरोध प्रदर्शन देख मिल प्रबंधन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे उनमें आक्रोश पनपता रहा। मौके पर पहुंचे जिला प्रशासन के अधिकारियों ने जब मिल प्रबंधन से वार्ता करने की कोशिश की तो मिल प्रबंधन की ओर से कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया।

खाते में पहुंचे रुपये तो हुई खुशी, फिर भड़का गुस्सा: द यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड शराब फैक्ट्री के सभी कर्मचारियों के खाते में सुबह से रुपये पहुंचने शुरू हुए तो उन्हें लगा कि दिवाली से पहले उन्हें तोहफा मिल गया है, शायद अब फैक्ट्री चलने की उम्मीद है, लेकिन इसके कुछ देर बाद व्हाट्सऐप ग्रुप पर फैक्ट्री के सभी 246 कर्मचारियों को फैक्ट्री से निकाले जाने का नोटिस भेज दिया गया।

नोटिस में लिखा गया कि आज से तत्काल प्रभाव से आपको निलंबित किया जाता है तथा समझौता राशि का भुगतान आपके खाते में भेजा जा रहा है। बर्खास्तगी का नोटिस देखते ही कर्मचारियों का गुस्सा भड़क गया।

ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, रात को घर से उठाकर तीन युवकों ने की दरिंदगी, रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार