दीपावली से पूर्व यूपी परिवहन निगम ने यात्रियों को दिया बड़ा तोहफा, रोडवेज बसों का किराया हुआ कम!

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने प्रदेश के लाखों यात्रियों को दीपावली से पहले शानदार तोहफा दिया है। रोडवेज बस में यात्रा करना अब सस्ता होगा। राजधानी एक्सप्रेस बस सेवा में यात्रा करने पर यात्रियों को साधारण बस के बराबर ही किराया देना होगा। बोर्ड बैठक में किराया कम करने पर मुहर लगने के बाद परिवहन निगम ने मंगलवार को नया किराया लागू कर दिया है।

ऐसे में लंबी दूरी की बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी फायदा होगा। राजधानी एक्सप्रेस सेवा से अब 100 किलोमीटर की यात्रा करने पर यात्रियों के 13 रुपये बचेंगे। लखनऊ से दिल्ली का किराया जहां पहले 832 रुपये था, वह अब घटकर 739 रुपये होगा। बलिया तक का किराया 685 रुपये से कम होकर 623 रुपये हो गया है।

आजमगढ़ का किराया पहले 513 रुपये था, अब 467 रुपये हो गया है। गोरखपुर का किराया 506 से 460 रुपये कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर के अनुसार रोडवेज बसों में अब यात्रियों को सस्ते किराये की सुविधा मिलेगी।

लखनऊ रीजन के क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी के अनुसार लखनऊ रीजन में कुल 188 बसें हैं। इनमें 57 बसें उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से राजधानी लखनऊ के लिए संचालित की जाती हैं। 91 बसें राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए संचालित की जा रही हैं।

यह भी पढ़ें:-UP Cabinet Meeting: उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दो मुफ्त रसोई गैस सिलेण्डर रिफिल दिये जाने के प्रस्ताव को मंजूरी

संबंधित समाचार