बहराइच: डीएम ने पराली जलाने पर पांच किसानों पर लगाया जुर्माना, लोगों से की यह अपील

बहराइच: डीएम ने पराली जलाने पर पांच किसानों पर लगाया जुर्माना, लोगों से की यह अपील

बहराइच, अमृत विचार। जिले में रोक के बाद भी किसान खेतों में पराली जला रहे हैं। इसको देखते हुए जिले के पांच किसानों के विरुद्ध ढाई ढाई हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। लोगों को पराली न जलाने की चेतावनी भी दी गई है।
जनपद में जिलाधिकारी मोनिका रानी द्वारा पराली जलाने वाले पांच किसानों पर अर्थदंड लगाया गया है।

उप कृषि निदेशक टीपी शाही ने बताया कि रिसिया विकास खंड के अमवा गांव निवासी गुरदास पुत्र रंजीत, चितौरा विकासखंड के डीहा निवासी बसंत पुत्र प्यारे, मिहींपुरवा विकासखंड के परगहवा गांव निवासी मोहम्मद फारुख पुत्र इस्लाम अली, नवाबगंज के चौगड़वा गांव निवासी राम आशीष पुत्र ज्वाला प्रसाद और रिसिया विकास खंड के खैराहसन गांव निवासी लालजी पुत्र अभिलाख ने अपने अपने खेतों में पराली जला दिया।

इसकी जानकारी ग्रामीणों ने क्षेत्रीय कृषि अधिकारियों को दी। उप कृषि निदेशक ने बताया कि पराली जलाने वाले पांच किसानों के विरुद्ध ढाई ढाई हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने पराली जलाने वाले किसानों से कहा है कि पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिगत पराली न जलाएं, पराली जलाने से मानव स्वास्थ्य पर इसका विपरीत प्रभाव पड़ता है। पशुओं के चारे की कमी हो जाती है।

उन्होंने जनपद के सभी कंबाइन हार्वेस्टर मालिकों को चेताया है कि कंबाइन मशीन के साथ स्ट्रा रीपरअवश्य लगाकर ही कटाई करें अन्यथा कंबाइन सीज करते हुए आपके विरुद्ध पर्यावरण क्षतिपूर्ति का अर्थ दंड लगाया जाएगा।

यह भी पढ़ें: सुलतानपुर: गैर इरादतन हत्या के दोषी को कोर्ट ने सुनाई सात साल जेल की सजा, लगाया अर्थदंड