लखनऊ में कर्मचारी कर रहे बड़े आन्दोलन की तैयारी, चार को होगा निर्णय
लखनऊ, अमृत विचार। कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। इससे कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा। जिसके चलते उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ ने बड़ा आन्दोलन करने का फैसला लिया है। बताया जा रहा है कि इस बार आर-पार का संघर्ष होगा। जिससे कर्मचारियों की समस्याओं का स्थाई समाधान निकल सके।
उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शशि कुमार मिश्र ने बताया है कि 4 नवम्बर को पुनः एक बार प्रदेश के निकाय कर्मियों की ज्वलंत समस्याओं के समाधान के लिए आन्दोलन की तैयारी हो रही है। इस बार निर्णायक संघर्ष महासंघ करने जा रहा, जिसमें प्रदेश की सभी इकाइयों के प्रान्तीय पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में धरना प्रदर्शन कर कार्यबन्दी का निर्णय लिया जायेगा।
उन्होंने नगर निगम के सभी संघ, संगठनो से अपील की है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में दोपहर 12 बजे तक नगर निगम मुख्यालय पर उपस्थित होकर आन्दोलन को सफल बनायें । शशि कुमार मिश्र ने कहा कि इस बार पूरी ताकत से अपने हितों और लम्बित मांगों के लिए सभी कर्मचारी हिस्सा लें। जिससे संघर्ष सफल हो सके।
यह भी पढ़ें: प्रयागराज: सीएम योगी के लोकार्पण के बाद पुल में आई दरार के मामले में अखिलेश यादव ने कसा सरकार पर तंज
