लखनऊ: NDA-INDIA के बाद बना नया गठबंधन, 2024 में किसान संगठनों ने की चुनाव लड़ने की घोषणा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर बीजेपी के नेतृत्व में एनडीए और कांग्रेस के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन अपनी तैयारियों में जुट गया है। वहीं दूसरी ओर बीजेपी सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ कई किसान संगठनों ने भी एकजुट होकर लोकसभा चुनाव में उतरने की घोषणा कर दी है।

बता दें कि राजधानी लखनऊ स्थित पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के आवास पर गुरुवार को किसान संगठनों के बीच अहम बैठक हुई। इस बैठक में लोकदल समेत कई प्रदेश से आए किसान संगठनों और पूर्व सैनिक के पदाधिकारी शामिल हुए।

किसान संगठनों के बीच हुई बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई और बीजेपी की किसान विरोधी नीतियों के विरोध में 11 संगठनों ने मिलकर 2024 के लोकसभा चुनाव में लड़ने की घोषणा की है और देश में किसान की सरकार बनाने की बात कही।

आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर किसान संगठनों ने 11 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। जिसको लेकर 18 नवंबर को राजधानी लखनऊ में एक बड़ी बैठक होने वाली है। जिसमें किसान संगठनो के नए गुट का प्रारूप तय किया जाएगा।

लोकदल के अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने कहा कि जिस तरीके से जय प्रकाश की धरती पटना से इंडिया गठबंधन की शुरुआत हुई। उसी तरह चौधरी चरण सिंह की धरती से किसान संगठनों ने आगामी लोकसभा चुनाव में लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि किसान, जवान और नौजवान मिलकर अपने दम पर चुनाव लड़कर देश की संसद में अपना प्रतिनिधित्व भेजकर परिवर्तन लाने का काम करेंगे।

चौधरी सुनील सिंह ने आगे कहा कि हम देश को एनडीए और इंडिया गठबंधन के अलावा नया विकल्प दे रहे हैं। जिसमें किसान, जवान और नौजवान मिलकर नई सरकार का निर्माण करेंगे। 

ये भी पढ़ें: KGMU के कर्मचारी जितने दिन लगाएंगे अंगूठा उतने दिन का मिलेगा वेतन, परिषद ने जताया विरोध

संबंधित समाचार