अयोध्या: राम मंदिर परिसर में बनेगा पुलिस कंट्रोल रूम, 11 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
ट्रस्ट के महासचिव व आईजी ने किया भूमि पूजन
अयोध्या, अमृत विचार। श्रीराम मंदिर और आने वाले पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए परिसर से सटे 12000 स्क्वायर फीट की भूमि पर 11 करोड़ की लागत से पुलिस कंट्रोल रूम बनेगा। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने बृहस्पतिवार को वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ पूजन के बाद इसकी आधारशिला रखी।
ट्रस्ट के पदाधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने सांकेतिक रूप से पांच शिला रखकर विधिवत निर्माण कार्य प्रारंभ कराया।ट्रस्ट महासचिव चंपत राय ने कहा कि पुलिस कंट्रोल रूम राम जन्मभूमि परिसर के निकट होना चाहिए। जिससे किसी भी परिस्थिति पर त्वरित कार्यवाही की जा सके। जिसके लिए यह स्थान अत्यंत उपयुक्त है।
पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने कहा पुलिस कंट्रोल रूम को सामरिक दृष्टि और सूचना इनपुट को लेकर एक मजबूत स्वरूप में खड़ा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस कंट्रोल रूम में इस तरह की व्यवस्था रहेगी और समय पड़ने पर किसी भी स्तर की चुनौती का सामना किया जा सके।
कहा पुलिस कंट्रोल रूम का उद्देश्य स्पष्ट है कि श्री राम जन्मभूमि परिसर और उसके आसपास कानून व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। जिससे देश-दुनिया के आने वाले श्रद्धालु अपने को सुरक्षित महसूस करें। स्वच्छंद रूप से रामलला के दर्शन करें और अयोध्या के धार्मिक परिवेश को आत्मसात करके जा सकें।
इस अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा, सहयोगी गोपालजी राव, जिलाधिकारी नितीश कुमार, एसएसपी राजकरन नय्यर, एसपी सुरक्षा पंकज कुमार, एसपी सिटी मधुबन सिंह, सीओ एसके गौतम, एलएंडटी के इंजीनियर विनोद सहित कई मौजूद रहे।
