प्रतापगढ़: स्कूटी सवार छात्रा की पिकअप की टक्कर से मौत, परिजनों में कोहराम
स्कूल जाते समय रास्ते में शिक्षक पुत्री के साथ हुआ हादसा
लालगंज, प्रतापगढ़। स्कूल जा रही स्कूटी सवार छात्रा की पिकअप की टक्कर से मौत हो गई। मौत से छात्रा के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लालगंज कोतवाली के माधव का पुरवा पूरे तिलकराम निवासी राजेश वर्मा उच्च प्राथमिक विद्यालय बड़हुआ में सहायक अध्यापक हैं। उनकी 17 वर्षीय पुत्री श्रुति वर्मा आइंस्टीन पब्लिक स्कूल धधुआ गाजन में कक्षा बारह की छात्रा थी। वह गुरूवार सुबह करीब आठ बजे स्कूटी से स्कूल जा रही थी।
भवराम बोझी स्थित नहर पुलिया के बगल से जा रही पिकअप लोडर ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दिया।छात्रा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गयी। स्कूल जा रहे बच्चों ने सूचना प्रधानाचार्य मनोज ओझा को दिया। वहां पहुंचे शिक्षक छात्रा को इलाज के लिए ट्रामा सेण्टर ले आये,तब तक परिजन भी अस्पताल पहुंच गये। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने श्रुति को राजा प्रताप बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गयी।
छात्रा की मौत से शिक्षक पिता राजेश,मां सुदामा देवी समेत परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक छात्रा दो भाई व एक बहन थी। शिक्षक पुत्री के मौत के बाद बड़ी संख्या में शिक्षक भी पहुंचे। प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष संतोष मिश्र,महामंत्री विष्णु सिंह, सतीश दुबे, प्रदीप पाण्डेय, हेमंत ओझा, राजेश मिश्र आदि ने संवेदना व्यक्त की। कोतवाल अवन दीक्षित ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: फसल सुधार के लिए ऊतक संवर्धन है सबसे कुशल तकनीक: कुलपति
