बरेली: राष्ट्रपति के चेंजओवर का कार्यक्रम लीक होने से अफसरों में खलबली
जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में लेंगी हिस्सा
फाइल फोटो
बरेली, अमृत विचार। जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेने आ रहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सात नवंबर को त्रिशूल एयरफोर्स स्टेशन पर चेंजओवर करेंगी। बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति भवन से गोपनीयता के निर्देश के साथ मिनट टू मिनट कार्यक्रम जिले के प्रशासनिक अफसरों को भेजा गया लेकिन कुछ ही देर बाद उसे सूचना विभाग के व्हाट्सएप ग्रुप में पोस्ट कर दिया गया। अफसरों को इसका पता चला तो खलबली मच गई। कुछ ही देर बाद कार्यक्रम को ग्रुप से डिलीट करा दिया गया।
यह भी पढ़ें- Bareilly: मन्नतों के चिराग से जगमग हुआ खानकाह-ए-नियाजिया
राष्ट्रपति बृहस्पतिवार को होने जा रहे पंत यूनिवर्सिटी के दीक्षांत कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हैं। वीआईपी अधिकारी की ओर से पुलिस और प्रशासन के उच्चाधिकारियों को भेजे गए मिनट टू मिनट कार्यक्रम के मुताबिक राष्ट्रपति सुबह करीब दस बजे बीबीजे वायुयान से उड़ान भरकर त्रिशूल एयरफोर्स स्टेशन पर उतरेंगी और इसके बाद हेलीकॉप्टरों की निगरानी में पंतनगर एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेंगी। वीआईपी अधिकारी की ओर से राष्ट्रपति के चेंजओवर कार्यक्रम को गोपनीय रखने का निर्देश दिया गया था लेकिन शाम को इसे सूचना विभाग के व्हाट्सएप ग्रुप में पोस्ट कर दिया गया।
कुछ देर बाद इसका पता अफसरों को लगा तो खलबली मच गई। आननफानन कार्यक्रम को डिलीट करा दिया गया। हालांकि इसके बाद भी राष्ट्रपति का कार्यक्रम मीडिया में लीक हो गया। इसके मुताबिक शाम को करीब चार बजे बरेली लौटकर राष्ट्रपति का जौलीग्रांट एयरफोर्स स्टेशन देहरादून के लिए उड़ान भरने का कार्यक्रम निर्धारित है।
अफसरों ने शुरू की तैयारियां सर्किट हाउस में भी इंतजाम
वीआईपी अधिकारी की ओर से राष्ट्रपति के कार्यक्रम के लिए समुचित तैयारियों का निर्देश दिया गया है। इसके तहत उनके ट्रांजिट भ्रमण के लिए पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। वैकल्पिक रूट तय किए जा रहे हैं ताकि जरूरत पर उनका प्रयोग किया जा सके।
सर्किट हाउस में भी व्यवस्था दुरुस्त की जा रही हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को राष्ट्रपति के भ्रमण के अवसर पर निर्धारित मानकों और ब्लू बुक के अनुसार समुचित सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं। पांच नवंबर तक राष्ट्रपति के कार्यक्रम के लिए दिल्ली से भी अधिकारियों के पहुंचने की बात कही जा रही है।
यह भी पढ़ें- बरेली: राष्ट्रीय बौद्ध महासभा ने मांगों को लेकर अपनी आवाज की बुलंद, जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन का एलान
