दीपोत्सव तक निर्माणाधीन धर्मपथ पर शेष कार्य पूर्ण कराएं : मंडलायुक्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। निर्माणाधीन जन्मभूमि पथ, रामपथ,भक्ति पथ, धर्मपथ, चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग और पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के प्रगति की समीक्षा बैठक मण्डलायुक्त गौरव दयाल की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय सभागार में आयोजित की गयी। मण्डलायुक्त ने निर्माणाधीन रामपथ के प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्माणाधीन रामपथ के प्रथम फेज नयाघाट से उदया चौराहे तक पीडब्लूडी के मुख्य अभियंता एवम सम्बन्धित अधिशासी अभियंता मौके पर पैदल चल कर देखें और जो भी कमियां नजर आये उन्हें तत्काल दुरुस्त कराये।

मंडलायुक्त ने कहा पथ में डेकोरेटिव स्ट्रीट लाइट के पोल लगाने के लिए जिन भी कंपनियों को टेंडर प्राप्त हुआ है यदि उनके द्वारा निर्धारित समयावधि में पोल स्थापित नहीं कराये जाते है तो उन कंपनियों को ब्लैकलिस्ट करते हुए उनके विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट भी दर्ज कराए। कहा कि रामपथ निर्माण में सड़क निर्माण के साथ इसके सुन्दरीकरण के कार्यों को भी साथ-साथ किया जाना है इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ तीव्र गति से कार्य करें। मंडलायुक्त ने पथ के किनारे एकरूपकता के उद्देश्य से पथ को 12 चैनेजो में विभाजित कर कराए जा रहे फसाड डिजाइनिंग के कार्यो का प्रत्येक चैनेजवार सम्बन्धित ठेकेदारो से प्रगति जानी। तथा जिन जिन चैनेजों की प्रगति धीमी पाई गई उनके विरुद्ध कठोर कार्यवाही करने व अधिकाधिक मैनपावर बढ़ाकर कार्य को तीव्र गति से पूर्ण गुणवत्ता के साथ करने तथा अयोध्या विकास प्राधिकरण के अधिकारियो को मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। 

उन्होंने जन्मभूमि पथ प्रवेश द्वार एवम कैनोपी निर्माण के कार्य को दीपोत्सव तक पूर्ण करने के निर्देश कार्यदायी संस्था यूपीआरएनएन के अधिकारियो को दिए। निर्माणाधीन धर्मपथ के कार्यो की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि उक्त पथ पर दीपोत्सव के दौरान अत्यधिक दवाब रहेगा जिस कारण दीपोत्सव के पूर्व तक धर्मपथ में यूटिलिटी डक्ट एवम जीएसबी का कार्य पूर्ण किया जाय जिससे दीपोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्या न होने पाये।
  
बैठक में उपस्थित जिलाधिकारी नितीश कुमार ने कहा कि अयोध्या एवम अयोध्या कैंट में जिन जिन सडकों व गलियों को सीवर,अंडरग्राउंड केबलिंग आदि के लिए खोदा गया है उसे तत्काल पूरा किया जाये। बैठक में नगर आयुक्त विशाल सिंह, डीएफओ सितांसु पांडेय,अपर जिलाधिकारीगण महेन्द्र कुमार सिंह, सलिल कुमार पटेल, अनिरूद्ध प्रताप सिंह, सुरजीत सिंह, सचिव अयोध्या विकास प्राधिकरण सतेन्द्र कुमार सिंह, मुख्य अभियन्ता पीडब्लूडी सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें -एल्विश यादव पर सांपों का जहर सप्लाई करने का आरोप, मुकदमा दर्ज - जीता था बिग बॉस का खिताब

संबंधित समाचार