ईरान में नशामुक्ति केंद्र में लगी आग, 32 लोगों की मौत, 16 अन्य घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तेहरान। उत्तरी ईरान में एक निजी नशा मुक्ति केंद्र में शुक्रवार को आग लगने से 32 लोगों की मौत हो गई। ईरान के सरकारी मीडिया ने पहले 27 लोगों की मौत होने की जानकारी दी थी। सरकारी टेलीविजन चैनल ने बताया कि 16 अन्य घायलों को लैंग्राउड शहर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। लैंग्राउड शहर ईरान की राजधानी तेहरान से करीब 200 किलोमीटर पश्चिमोत्तर में स्थित है।

 टीवी रिपोर्ट में कहा गया है कि नशा मुक्ति केंद्र में 40 मरीजों के रहने की क्षमता थी। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि सुबह जब आग लगी तो कितने कर्मचारी काम कर रहे थे। रिपोर्ट में पहले बताया गया था कि 27 लोगों की मौत हुई है और 17 घायल हुए हैं। 

चैनल द्वारा प्रसारित वीडियो में आग की लपटें उठती नजर आ रही हैं। आग पर काबू पा लिया गया है और प्राधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। ईरान की न्यायपालिका के प्रमुख गुलामहुसैन मोहसेनी इजेई ने पूर्ण जांच के आदेश दिए हैं। इससे पहले सितंबर में ईरान के रक्षा मंत्रालय के मालिकाना हक वाली एक कार बैटरी फैक्टरी में एक सप्ताह से भी कम समय में दो बार आग लगी थी। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था। 

ये भी पढ़ें:- आईएएसी साहित्य महोत्सव में दिखाई जाएगी भारत के स्वदेशी कोविड-19 रोधी टीके की कहानी 

संबंधित समाचार