लखनऊ : लोहिया में बनेगा 100 बेड का आईसीयू, मातृ मृत्यु दर में आयेगी कमी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान  के एनेस्थीसियोलॉजी, क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग और आईएससीसीएम लखनऊ सिटी ब्रान्च ने संयुक्त रूप से ऑब्सटेट्रिक्स क्रिटिकल केयर ( Obstetrics Critical Care) कार्यशाला का आयोजन किया। यूपी में पहली बार इस तरह की कार्यशाला आयोजित की गई। 

कार्यशाला का शुभारंभ संस्थान की निदेशक प्रो. सोनिया नित्यानंद और विभागाध्यक्ष प्रो. दीपक मालवीय ने किया।संस्थान की निदेशक प्रो. सोनिया नित्यानन्द ने बताया कि उत्तर प्रदेश में मातृ मृत्यु दर देश में सर्वाधिक है। जिसे कम करने का प्रयास जारी है। इसके लिए 100 नए क्रिटिकल केयर बेड का आईसीयू बनाया जायेगा। यह आईसीयू शहीद पथ स्थित मातृ एवं शिशु रेफरल चिकित्सालय में बनाया जायेगा। जिससे प्रदेश की जनता को लाभ मिलेगा। सरकार की तरफ से इसके निमार्ण की अनुमति भी मिल चुकी है। आईसीयू के निर्माण होने से मातृ मृत्यु दर कम करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के प्रसुताओं को एक ही छत के नीचे सभी प्रकार के इलाज मिल सकेंगें, उन्हे दर-दर इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

इस अवसर पर प्रो. दीपक मालवीय ने बताया कि जब वह एनेस्थीसिया सोसाइटी के शार्क देशों के अध्यक्ष थे, तभी से उनका उद्देश्य था कि मातृ मृत्यु दर को कम करने के लिए उचित कदम उठाये जाये। इसके लिए उन्होने अपने कार्यकाल में शार्क देशों में कई कार्यशाला एवं सतत् चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम का आयोजन भी कराया था। जिसका परिणाम है कि आज नेपाल जैसे देशों में जहा पहाड़ो पर इलाज मिलना मुश्किल होता था वहां भी मातृ मृत्यु दर को कम करने में सफलता मिली है। 

इस कार्यशाला एवं सतत् चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम में लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई शहरों से लगभग 60 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर आयोजन अध्यक्ष एवं विभागाध्यक्ष एनेस्थीसियोलॉजी एवं क्रिटिकल केयर मेडिसिन डॉ. पीके दास, आयोजन सचिव डॉ. सुजीत राय, डॉ. ममता हरजाई, डॉ. अनुराग अग्रवाल, डॉ. मनोज त्रिपाठी, डॉ. मनोज गिरी, डॉ. एसएस नाथ, डॉ. सूरज कुमार, डॉ. शिल्पी मिश्रा, डॉ. स्मृति अग्रवाल, डॉ. नीतू सिंह, डॉ. कृति नागर, डॉ. प्राची सिंह, डॉ. स्मारिका मिश्रा समेत अन्य संकाय सदस्य, सीनियर, जूनियर रेजीडेंट उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें : भाजपा अपने स्वार्थ के लिए दागदार व्यक्ति को भी कर लेती है पार्टी में शामिल: स्वर्णिम चतुर्वेदी

संबंधित समाचार