बरेली: घर में घुसकर छात्रा से छेड़खानी...कपड़े फाड़े, मां से भी मारपीट
बहेड़ी में शराब के नशे में धुत शोहदे की करतूत, रिपोर्ट दर्ज
बरेली, अमृत विचार। बहेड़ी में शराब के नशे में एक दबंग छात्रा के घर में घुस गया और छेड़खानी करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए। छात्रा के शोर मचाने पर पड़ोस में बैठी उसकी मां पहुंची तो उनसे मारपीट कर भाग निकला। छात्रा का आरोप है कि आरोपी कई दिनों से कॉलेज आते-जाते समय उसके साथ छेड़खानी कर रहा था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आरोपी को तलाश कर रही है।
छात्रा के साथ कॉलेज आते-जाते समय छेड़खानी करने वाला दबंग
पीड़ित छात्रा के मुताबिक वह कस्बे के ही एक कॉलेज में पढ़ती है। काफी दिनों से कॉलेज आते-जाते समय गांव रुड़की का रहने वाला अलीम उसका पीछा करने के साथ उसके साथ छेड़खानी कर रहा था। कई बार रास्ते में उसने उसका हाथ पकड़ने की कोशिश की। इसकी शिकायत उसने अपने पिता से की थी।
उसके पिता ने अलीम से बात की तो वह उनसे मारपीट करने पर आमादा हो गया। आरोप है कि दो नवंबर को शाम करीब पांच बजे वह घर पर अकेली थी और खाना बना रही थी। इसी बीच शराब के नशे में धुत अलीम घर में घुस आया। उसने उसे पीछे से पकड़ लिया और छेड़खानी करने लगा।
उसने विरोध किया तो वह उसके साथ मारपीट करते हुए कपड़े फाड़ने की कोशिश करने लगा। शोर मचाने पर पड़ोस के घर में बैठी उसकी मां और चाची आ गई जिस पर अलीम ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। थाने में शिकायत करने के लिए जाते समय भी उसने रास्ते में उसके साथ छेड़खानी की।
यह भी पढ़ें- बरेली: धनतेरस को लेकर बाजार में वाहनों का 8-10 तक रूट डायवर्जन, फजीहत से बचने के लिए अभी पढ़ें
