अमरोहा: घर में फंदे पर लटका मिला महिला का शव, पति समेत चार के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एक साल पहले हुई थी असमोली की नाजरा की शादी

अमरोहा, अमृत विचार। जिले के नौगावां सादात थाना क्षेत्र में शादी के एक साल बाद ही महिला का शव फंदे पर लटका मिला। बेटी की मौत की सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने महिला के पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

जनपद संभल के थाना असमोली क्षेत्र के गांव ओबरी निवासी बब्बर अली ने एक साल पहले अपनी बेटी नाजरा उर्फ भूरी की शादी थाना नौगावां सादात क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर निवासी आजम के साथ की थी। आजम पेशे से इलेक्ट्रिशियन है और बेंगलुरु में नौकरी करता है। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल में नाजरा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल वाले दहेज में कार और नकदी की मांग कर रहे थे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। विवाद के चलते पांच दिन पहले ही नाजरा मायके से आई थी।

 रविवार को उसने अपने पति आजम और भाई से फोन पर बात की थी। इसके बाद उसका शव कमरे में रस्सी के सहारे फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति आजम, सास भूरी, देवर आलम व ससुर महबूब अंसारी के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। मामले की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा: सिवौरा गांव के हेड कांस्टेबल की बुखार से मौत, मेरठ में उपचार के दौरान तोड़ा दम

संबंधित समाचार