मुरादाबाद: डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन पर आ गया ट्रक, सामने से आ रही दो डीसीएम भी भिड़ी, चालक की मौत
मुरादाबाद, अमृत विचार। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह मुंडापांडे थाना क्षेत्र के दलपतपुर टोल प्लाजा को पारकर आगे पुल की ठोकर पर ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। अनियंत्रित ट्रक दूसरी पर आकर रुका। कुछ देर बाद दिल्ली की ओर से रामपुर की तरफ जाने वाली लेन ही आगे-पीछे से दो डीसीएम आकर उस खड़े ट्रक में टकरा गईं।
हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। घायलों को पुलिस और हाईवे के पेट्रोलिंग अधिकारियों ने जिला अस्पताल में लाकर भर्ती कराया गया है। ट्रक का मृतक चालक की पहचान जुल्फिकार निवासी कस्बा जामा मस्जिद भोजपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर उसे पोर्स्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना सुबह छह-सात बजे की बताई जा रही है। दलपतपुर पुलिस चौकी प्रभारी रीतेश शुक्ल और हाईवे के पेट्रोलिंग अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि एक ट्रक टोल प्लाजा पारकर मुरादाबाद की तरफ आ रहा था। इसमें ट्रक की कमानी टूट गई थी। इस कारण वह अनयिंत्रित होकर डिवाइडर के पत्थर से टकराकर दूसरी लेन पर पहुंच गया था।
इसमें ट्रक चालक जुल्फिकार की मौत हो गई। चूंकि ये ट्रक दूसरी लेन पर आ गया था, इसलिए दिल्ली की ओर रामपुर की तरफ जाने वाली हाईवे की लेन पर अन्य वाहनों के लिए खतरा बढ़ गया था। कुछ देर बाद दिल्ली की तरफ से आ रहे दो वाहन भी इसी खड़े ट्रक में आकर भिड़ गए थे। इनके चालक व खलासी भी घायल हुए हैं।
हादसा हाईवे पर पराग फैक्ट्री के सामने हुआ है। हाईवे के पेट्रोलिंग अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने दूसरी लेन पर आए ट्रक को रास्ते अभी हटाया नहीं जा सका है। दोपहर के 12 बज गए हैं, उस ट्रक को हटाने के लिए उसमें काम चल रहा है। सामने से आने वाले अन्य वाहन इस ट्रक में न टकराएं, इसके लिए वैरिकेडिंग की गई है। मौके पर 'आगे दुर्घटना धीमी गति से आगे बढ़ें' का बोर्ड भी लगा दिया गया है।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद: ढाई साल के बच्चे का अपहरण करने के मामले में सुनाई सजा, दोषियों को उम्रकैद
