Kanpur में पुलिस कमिश्नर ने त्यौहारों को लेकर अधिकारियों के साथ की बैठक, कंट्रोल रूम से होगी निगरानी, दिए ये निर्देश
Kanpur में पुलिस कमिश्नर ने त्यौहारों को लेकर अधिकारियों के साथ की बैठक।
Kanpur में पुलिस कमिश्नर ने त्यौहारों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा को लेकर निर्देश दिए। साथ ही कंट्रोल रूम निगरानी की भी बात कहीं।
कानपुर, अमृत विचार। धनतेरस, दीपावली, भैयादूज और छठ पूजा की तैयारियों को लेकर पुलिस कमिश्नर डॉ आर के स्वर्णकार की अध्यक्षता में मर्चेन्ट चैम्बर हॉल में समाजसेवियों और संभ्रांत व्यक्तियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
सभी त्योहारों को सुरक्षित और सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी विशाख जी, संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था आनन्द प्रकाश तिवारी, एडीएम सिटी, सभी पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायु्क्त, एलआईयू, केस्को और जल निगम के अधिकारी व सभी थानेदार मौजूद रहे।
त्योहारों को देखते हुए दिए गए निर्देश
-सर्राफा बाजारों में सीसी कैमरे लगाए जाएं, पुलिस बल रहे मुस्तैद।
-सीसी कैमरों की कंट्रोल रूम से लगातार की जाए निगरानी।
-दीपावली पर वैधानिक रूप से पटाखों की हो बिक्री।
-दुर्घटना से निपटने के लिए दुकानों व बिक्री स्थलों पर अग्निशमन यंत्र व मोबाइल मेडिकल टीम की सुविधा हो।
-किसी भी आयोजन स्थल पर अश्लील गाने व अश्लील नृत्य का प्रदर्शन न हो।
-बाजारों में एंटी रोमियो की टीमें सतर्कता के साथ भ्रमणशील रहें।
-सभी सरकारी अस्पतालों को तैयारी हालत मे रखा जाए।
-डॉक्टर तथा पैरामेडिकल स्टॉफ की ड्यूटी राउड द क्लॉक लगाई जाए।
-विभिन्न मोहल्लों व कस्बों में सम्भ्रांत व्यक्तियों, पीस कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक कर सहयोग लिया जाए।
-बैरियर व चेक पोस्ट लगाकर संदिग्ध वाहनों को चेक किया जाए। साथ ही ब्रेथ एनालाइजर उपकरण के साथ चालक का टेस्ट किया जाए।
-ट्रैफिक के कर्मचारी ड्यूटी पॉइन्ट्स पर तैनात होकर यातायात कदापि बाधित न होने दें।
घाटों और हो साफ सफाई और प्रकाश की व्यवस्था
बैठक में पुलिस कमिश्नर डॉ आर के स्वर्णकार ने गंगा नदी के किनारे बने सभी घाटों और नहरों के मार्ग एवं प्रकाश की व्यवस्था, घाटों की साफ-सफाई, मोबाइल टॉयलेट की सुविधा,मोबाइल मेडिकल टीम की सुविधा, सीसीटीवी लगाए जाने, अश्लील गाने पर रोकथाम के लिए सम्बन्धित को निर्देश दिए।
घाटों की सुरक्षा के लिए यह योजना तैयार
-पुलिस और आयोजन कमेटी के बीच संवाद के लिए बनाया जाए वाट्सएप ग्रुप।
-गंगा स्नान करने वाले सभी घाटों पर तैनात रहेगी पुलिस और पीएसी।
-सभी पीएसी की मोटरबोट और गोताखोरों को एक्शन मोड में रखा जाएगा।
-अच्छी व्यवस्था देने के लिए माइक्रोलेवल से सुरक्षा तैयारी करने के निर्देश।
-सभी आयोजन स्थलों पर पार्किंग व्यवस्था, बेरीकेडिंग आदि व्यवस्थाएं।
-घाटों पर गोताखोरों के मोबाइल नंबर व संबंधित थाना इंचार्ज का नंबर अंकित किए जाएं।
-सीसी कैमरे कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जाए।
-नगर निगम टीम घाटों पर प्रकाश व सफाई की पर्याप्त व्यवस्था बनाने के निर्देश दिया।
