Chitrakoot News: तीन आरोपी गिरफ्तार... सवा दस किलो गांजा बरामद, स्वाट टीम और मानिकपुर पुलिस को मिली सफलता
चित्रकूट में गांजे के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार।
चित्रकूट में सवा दस किलो गांजे के साथ तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। स्वाट और मानिकपुर पुलिस को सफलता मिली।
चित्रकूट, अमृत विचार। विशेष हथियार एवं तकनीक (स्वाट) टीम और थाना पुलिस ने गांजे के काले कारोबार में लिप्त होने के आरोप में तीन लोगों को पकड़ा है। इनसे 10 किलो 260 ग्राम गांजा भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये बताई गई है।
सात नवंबर को स्वाट/सर्विलांस प्रभारी एमपी त्रिपाठी और वरिष्ठ उप निरीक्षक रामवीर सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर सरहट के पास सरबदा पुरवा मोड़ पर बिना नंबर की बाइक पर सवार दो आरोपियों को पकड़ा। इन्होंने अपने नाम शशिभूषण उर्फ पवन पटेल पुत्र चंद्रभान सिंह, अभय सिंह पुत्र शंकर दयाल पटेल और अभिषेक सिंह पुत्र रामभरोसे पटेल निवासीगण सिकरी अमान बताए।
पुलिस ने इनसे 10 किलो 260 ग्राम सूखा गांजा बरामद किया। आरोपियों के विरुद्ध थाना मानिकपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई। मोटरसाइकिल को एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया। बरामदशुदा गांजे के कीमत लगभग 03 लाख रुपये है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गांजा बेचने के अन्य ठिकानों की जानकारी भी की जाएगी।
ओडिशा से लाए थे गांजा
आरोपियों ने बताया कि वे लोग ओडिशा से यह गांजा लाए हैं और इसे चित्रकूट के साथ बांदा, फतेहपुर, कौशांबी व प्रयागराज में इसकी आपूर्ति करते हैं।
संयुक्त टीम में ये भी रहे शामिल
स्वाट टीम में मुख्य आरक्षी प्रदीप द्विवेदी, जितेंद्र कुशवाहा, आरक्षी रोहित सिंह, पवन कुमार राजपूत, आशीष यादव और रोशन सिंह शामिल रहे। थाना मानिकपुर टीम में एसआई अरविंद कुमार पांडेय, आरक्षी साकिर अली, आरक्षी विमलेश कुमार रहे।
ये भी पढ़ें- सिस्टम की नाकामी: Auraiya में बहन के शव को बाइक पर ले गया भाई, डिप्टी सीएम ने मामला संज्ञान में लिया, देखें- VIDEO
