बांदा: 4.37 क्विंटल विस्फोटक पदार्थ के साथ पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार, पिता मौके से फरार
बांदा, अमृत विचार। पुलिस ने छापा मारकर घनी आबादी के बीच गोदाम से 13 बोरियों में 4.37 कुंतल विस्फोटक पदार्थ बरामद करते हुए युवक गिरफ्तार कर लिय। जबकि उसका पिता मौके से फरार हो गया। आरोपी लाइसेंस नहीं दिखा सके। दोनों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जेल चैकी प्रभारी वीरेंद्र कुमार त्रिपाठी अपनी टीम के साथ झंडा तिराहे के पास तैनात थे।
मुखबिर से सूचना मिली कि मुचियाना निवासी सईदुररहमान अपनी पुरानी गोदाम में काफी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखे है। उसका लड़का फुटकर में लोगों को यह सामग्री बेच रहा है। उसका गोदाम घनी बस्ती में है। ऐसे में अप्रिय वारदात को लेकर भी उसने सचेत किया। चैकी प्रभारी ने इसकी जानकारी अपनी टीम को दी और फिर मुचियाना पहुंचे तो मुखबिर ने एक गोदाम की ओर इशारा किया।
गोदाम के अंदर पहुंचे तो दो व्यक्ति विस्फोटक पदार्थ को अलग-अलग पन्नियो में रखकर बांध कर बोरियों में रख रहे थे। गोदाम के दरवाजे के पास कुछ लोग सामान खरीदने के लिए खडे़ थे। पुलिस को देख एक व्यक्ति मौके से भाग गया। गोदाम के अंदर मौजूद मर्दन नाका निवासी मुसैफ अहमद को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान गोदाम के अंदर 13 बोरियों में विभिन्न प्रकार के विस्फोटक पदार्थ बरामद हुआ। विस्फोटक पदार्थ को अलग अलग वजन किया। चैकी प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार पुत्र और उसके पिता के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। फरार आरोपी पिता की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: दिवाली पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने किए कड़े इंतजाम, आतिशबाजी पर कही यह बात
