मुरादाबाद : छात्रा को छेड़ने व आरोपी पक्ष की अनदेखी पर पांच नामजद
कई दिन से परेशान कर रहा था आरोपी, घर वाले भी पीड़िता के परिजन को दे रहे थे धमकी, पहले पुलिस ने कराया समझौता, बाद में आरोपियों पर दर्ज की एफआईआर
मुरादाबाद, अमृत विचार। छात्रा को स्कूल आते-जाते छेड़ने और मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने के प्रकरण में आरोपी पक्ष की अनदेखी पर पीड़िता के पिता ने सिविल लाइन थाने में एक परिवार के पांच लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें भूकन, उसकी पत्नी, बेटे राहुल व नितिन और दामाद नामजद हुए हैं। सभी आरोपी प्रेमनगर मुहल्ला के रहने वाले हैं।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया है कि भूकन का बेटा नितिन उनकी 15 वर्षीय बेटी को काफी समय से अश्लील मैसेज भेजकर परेशान कर रहा है। बेटी इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की छात्रा है। स्कूल आते-जाते वक्त रास्ते में भी उसे रोकता है। कई बार बेटी के साथ अश्लील हरकत भी कर चुका है। उन्होंने बताया कि घटना की शिकायत करने वह आरोपी के पिता भूकन से करने को उनके घर गये थे। जिसपर भूकन, उसके बेटे राहुल, पत्नी झगड़े को अमादा हो गए थे। साथ ही मारने की धमकी दी।
पीड़िता के पिता ने दो नवंबर को भी सिविल लाइन थाने में प्रार्थना पत्र दिया था। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था। लेकिन, इसके बाद भी आरोपी पक्ष तीन नवंबर को रात को पीड़िता के पिता और उसके घरवालों को गालियां देने लगे। साथ ही पीड़ित की बेटी को रास्ते से उठवाने की धमकी दी।
जिसपर उन्होंने छह नवंबर को सिविल लाइन थाने में घटना की जानकारी दी। इस मामले में सिविल लाइन थानाध्यक्ष राम प्रसाद शर्मा ने बताया कि पहले जब मामला उनके सामने आया था तो उन्होंने आरोपी पक्ष को हिदायत देते हुए समझौता कराया था। मगर दोबारा धमकाने पर आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। जल्द इनकी गिरफ्तारी होगी।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: अधेड़ उम्र में प्यार चढ़ा परवान...पांच बच्चों का बाप पांच बच्चों की मां को लेकर फरार
