रायबरेली : जमीन पर कब्जे को लेकर पूर्व प्रधान की धारदार हथियार से हत्या
दिनदहाड़े हत्या से क्षेत्र में मची सनसनी, पुलिस के खिलाफ परिजनों ने लगाए आरोप
सतांव/ रायबरेली, अमृत विचार। गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र के बसिगंवा दोसडंका के पास गुरुवार की दोपहर जमीनी रंजिश में पूर्व प्रधान को दबंगों ने दिन दहाड़े पीट-पीटकर मार डाला। सूचना पर गुरुबक्शगंज थाने के आलावा खीरों व लालगंज की पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेना चाहा लेकिन परिजन शव से लिपट गये और आक्रोश व्यक्त करते हुए पुलिस पर आरोप लगाने लगे। परिजनों का आक्रोश देख पुलिस के हाथ पैर फूल गए। इसके बाद मौके पर पहुंचे सीओ लालगंज ने परिजनों को काफी समझाया बुझाया और शव को थाने भिजवाया। घटना स्थल पर बाद में फोरेंसिक टीम के साथ अपर पुलिस अधीक्षक नवीन कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना से संबंधित जानकारी ली।
गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र के बसिगवां निवासी पूर्व प्रधान रामदास (52) पुत्र नन्हू का जमीनी विवाद गुरुबक्शगंज कस्बा निवासी मुन्नूलाल सोनी से चल रहा था। मामला विगत करीब 20 वर्षों से न्यायालय में चल रहा है। रामदास ने उसी भूमि पर बुधवार को गेहूं की बुआई कर दी थी। दूसरे पक्ष को यह बात नागवार गुजरी तो गुरुवार की दोपहर जेसीबी लेकर बोआई को नष्ट कर रहे थे। इसकी भनक जब रामदास को लगी तो वह मौके पर पहुंच गया और विरोध करने लगा। इतने में दबंगों ने लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले से लहूलुहान रामदास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची गुरुबक्शगंज, खीरों व लालगंज की पुलिस ने शव को कब्जे में लेना चाहा लेकिन परिजन शव से लिपट गये और आक्रोश व्यक्त करते हुए पुलिस पर तरह तरह के आरोप लगाने लगे।
परिजनों का आक्रोश देख पुलिस बैकफुट पर आ गई। इसके बाद मौके पर पहुंचे सीओ लालगंज ने परिजनों को काफी समझाया बुझाया और शव को कब्जे में लेकर थाने भिजवाया। घटना स्थल पर बाद में फोरेंसिक टीम के साथ अपर पुलिस अधीक्षक नवीन कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना से संबंधित जानकारी ली। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गये। इस बाबत पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा पंजीकृत कर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जायेगी।
ये भी पढ़ें -लखनऊ: बीजेपी दफ्तर पर महिलाओं ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार का फूंका पुतला, विवादित बयान को बताया शर्मनाक
