बरेली: डा. विमल भारद्वाज बने आईएमए अध्यक्ष
बरेली,अमृत विचार। आईएमए चुनाव में गहमागहमी के दौरान आखिरकार डाक्टर विमल भारद्वाज ने बाजी मार ली। उन्होंने डाक्टर विनोद पागरानी को 85 वोटों से हरा दिया। इसके साथ ही डाक्टर भारद्वाज आईएमए की बरेली शाखा के अध्यक्ष चुन लिए गए। देर रात तक चली मतगणना के बाद उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी खुशलोक अस्पताल के एमडी …
बरेली,अमृत विचार। आईएमए चुनाव में गहमागहमी के दौरान आखिरकार डाक्टर विमल भारद्वाज ने बाजी मार ली। उन्होंने डाक्टर विनोद पागरानी को 85 वोटों से हरा दिया। इसके साथ ही डाक्टर भारद्वाज आईएमए की बरेली शाखा के अध्यक्ष चुन लिए गए। देर रात तक चली मतगणना के बाद उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी खुशलोक अस्पताल के एमडी डा. विनोद पागरानी को 85 वोटों से हरा दिया। डा. विमल भारद्वाज को 277 वोट मिले, जबकि विनोद पागरानी को 192 वोट ही मिल सके।
इसके अलावा डा. राजीव गोयल और डा. धर्मेंद्र नाथ उपाध्यक्ष चुने गए, डा. गौरव गर्ग कोषाध्यक्ष और सचिव अतुल श्रीवास्तव चुने गए। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सभी ने गले-मिलकर एकदूसरे को बधाई दी।
कोरोना संक्रमण के चलते आईएमए चुनाव में कम मतदान की आशंका जताई जा रही थी लेकिन चुनाव समिति ने सभी डाक्टरों को आश्वस्त किया था कि कोविड-19 के नियमों का पालन कराते हुए पूरी सुरक्षा के साथ मतदान कराया जाएगा। इसके चलते महिला डाक्टरों के लिए पिंक बूथ व वरिष्ठजनों के लिए चार अलग बूथों का इंतजाम किया गया था। गेट के अंदर प्रवेश करने पर सैनेटाइजेशन कराया गया। जिससे किसी को भी संक्रमित होने की शंका न रहे। सुबह 8 से शाम 6 बजे तक हुए मतदान केंद्र पर 792 में कुल 600 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
नई टीम संभालेगी कमान
2020-21 के लिए पूर्व से निर्वाचित अध्यक्ष डा. मनोज अग्रवाल और इस बार चुने गए उपाध्यक्ष, सचिव व अन्य पदाधिकारियों की टीम 1 अक्टूबर से आईएमए की कमान संभालेगी। डा. मनोज बीते वर्ष हुए चुनाव में विजयी हुए थे। आईएमए के नियमों के मुताबिक अध्यक्ष को एक साल पहले ही चुन लिया जाता है। इस बार चुने गए डा. विमल भारद्वाज अब 2021-22 के लिए अध्यक्ष चुने गए हैं।
देर रात तक रहा इंतजार
मतदान प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शुरू हो गई थी। इसके बाद शाम 6 बजे तक मतदान किया गया। इस दौरान प्रत्याशी चिकित्सक मतदाताओं से समर्थन के लिए प्रयासरत रहे। रात 8 बजे मतगणना शुरू हुई। इसमें पहले एग्जिक्यूटिव कमेटी के 38 पदों के लिए मतगणना हुई, जो देर रात तक चलती रही। रात करीब 1 बजे अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव पद के लिए मतगणना शुरू की गई। देर रात तक मतगणना होने के चलते प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में बेचैनी बढ़ी रही।
पहली बार आईएमए में तैनात नजर आई पुलिस
आईएमए के चुनाव में पहली बार पुलिस तैनात नजर आई। इस बार चुनाव भूतल पर स्थित सभागार में हुए। जबकि इससे पहले चुनाव प्रथम तल पर स्थित सभागार में होता था। आईएमए चुनाव समिति के चेयरमैन डा. रविश अग्रवाल ने बताया कि चुनाव कार्य शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। इसमें किसी तरह का कोई विवाद नहीं हुआ। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी ने एकदूसरे के साथ पार्टी करके जीत का आनंद लिया।
