मुरादाबाद: बाल गृह का ताला तोड़ फरार हुई तीन लड़कियों में से एक बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मंगलवार शाम बाल गृह का ताला तोड़कर फरार हो गई थीं तीन लड़कियां, बाल गृह (बालिका) में रोशनी, सुरक्षा, व्यवस्था समेत प्रमुख संसाधनों का अभाव

मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस में मोरा की मिलक में स्थित बाल गृह (बालिका) का ताला तोड़कर फरार हुई तीन लड़कियाें में से एक को गुरुवार को पुलिस ने उसके घर से बरामद कर लिया। बाल गृह में कुल 43 लड़कियां रह रही थीं। फिलहाल, बरामद लड़की को कार्रवाई के उपरांत उसे पुलिस ने उसके माता-पिता के सुपुर्द किया है।

बरामद हुई नाबालिग भगतपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। संभल जिले की अन्य दो लड़कियों की तलाश के लिए पुलिस संदिग्ध स्थलों पर छापेमारी कर रही है। आशियाना पुलिस चौकी इंचार्ज कृष्ण कुमार ने बताया कि बाल गृह (बालिका) में लड़कियों के लिए अच्छे इंतजाम नहीं हैं। रोशनी, सुरक्षा, व्यवस्था, संसाधन आदि का काफी अभाव है। बाल गृह से तीनों लड़कियां मंगलवार शाम छह बजे के दौरान ताला तोड़कर निकल गई थीं। यहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं लेकिन, उसमें इनकी कोई भी गतिविधि कैद नहीं हुई है।

 वैसे यहां सुरक्षा के तौर पर संस्था के निजी कर्मचारी हैं। संचालक अपने स्टॉफ में काउंसलर, डॉक्टर, शिक्षक व अन्य से सुरक्षा कराते हैं। दरोगा ने कहा, संस्था संचालकों ने पुलिस से कभी सुरक्षा नहीं मांगी। भगतपुर क्षेत्र में अपने गांव में बरामद हुई लड़की के बारे में चौकी इंचार्ज ने बताया कि उन्हें पता चला है कि उसके घर वाले विवाह करना चाह रहे थे। इसलिए वह उनके साथ रहने को राजी नहीं थी।

 यह लड़की करीब एक महीने से बाल गृह में रह रही थी। उन्होंने बताया कि इस लड़की को गुरुवार को सीडब्ल्यूसी (बाल कल्याण समिति) के सामने पेश करने के बाद उसके माता-पिता के सुपुर्द किया है। उधर, सिविल लाइंस थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक इलम सिंह ने बताया कि अन्य दो लड़कियां कहां हैं, इस बारे में बरामद लड़की कुछ नहीं बता पाई है। इसने बाल कल्याण समिति के सामने बताया है कि बाल गृह से निकल कर वह अपने घर की तरफ भाग रही थी, जबकि उसके साथ ही दो अन्य लड़कियां किधर भागीं उसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

एफआईआर में तत्काल गिरफ्तारी वाली धाराएं नहीं
जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुराग श्याम तिवारी ने बुधवार को सिविल लाइंस थाने में बालगृह की संचालिका अनीता चौहान और अधीक्षिका सुनीता चौहान के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज कराई थी। आशियाना पुलिस चौकी इंचार्ज कृष्ण कुमार ने बताया कि एफआईआर में ऐसी धाराएं नहीं हैं जिससे कि दोनों नामजद महिलाओं की गिरफ्तारी की जा सके। फिलहाल, अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, जैसे साक्ष्य एकत्र होंगे उसी हिसाब में आगे कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : बोर्ड बैठक में विकास कार्यों के प्रस्ताव की अनदेखी का आरोप लगाने वाले जिला पंचायत सदस्य सुस्त

संबंधित समाचार