मुरादाबाद: होटल के कमरे में मिला शख्स का शव, जांच में जुटी पुलिस
मुरादाबाद, अमृत विचार। थाना कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर को बालाजी गेस्ट हाउस में एक व्यक्ति का शव मिला है। यह गेस्ट हाउस रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित है।
पुलिस अधीक्षक नगर अखिलेश भदौरिया ने बताया कि गेस्ट हाउस वालों से पूछताछ में पता चला है कि संबंधित व्यक्ति गुरुवार को आकर कमरे में ठहरा था। शुक्रवार को काफी समय तक जब उसने अपना कमरा नहीं खोला तो गेस्ट हाउस कर्मियों ने दरवाजा पीटकर पल्ला खोलने का कहा लेकिन, कमरे के अंदर से कोई हरकत न होने पर अनहोनी की शंका और गहरा गई थी।
इसके बाद किसी तरह से दरवाजे की सिटकनी खोलकर देखा गया तो वह मृत अवस्था में पड़ा था। गेस्ट हाउस ने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी थी। मौके पर कोतवाली पुलिस टीम संग मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि मृतक के शव के पास से नशे का सामान भी पाया गया है। इससे प्रतीत हो रहा है कि मृतक व्यक्ति नशा भी करता था। गेस्ट हाउस में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं।
इस पर पुलिस अधीक्षक नगर ने कहा कि बालाजी गेस्ट हाउस के संचालक ने जो भी अनियमितता कर रखी है, उसकी जांच होगी और उसी के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।
