पीओके हासिल करने को अयोध्या में जगद्गुरु करेंगे महायज्ञ, 1008 कुंडीय महायज्ञ कर हनुमानजी का किया जाएगा आह्वान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) को भारत में शामिल कराने के आह्वान के साथ अयोध्या में एक बड़ा महायज्ञ कराने की तैयारी चल रही है। आठ दिन तक 1008 कुंडीय महायज्ञ कर हनुमानजी का आह्वान किया जाएगा। जगद्गुरु रामानंदचार्य स्वामी रामभद्राचार्य के 75वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 14 से 22 जनवरी तक चलने वाले यज्ञ में हनुमानजी को सवा करोड़ आहुतियां प्रदान की जाएंगी।

महायज्ञ बड़ा भक्तमाल की बगिया में कराया जाएगा। इसके लिए शुक्रवार को भूमिपूजन हुआ। अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12 बजे वैदिक आचार्यों के मंत्रोच्चारण के बीच भूमि पूजन कर ध्वज स्थापित किया गया। इस दौरान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के साथ बिहार के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर और प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सपत्नी मौजूद रहे।

जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य ने कहा कि राममंदिर को लेकर मेरी भूमिका सभी जानते हैं। मैंने 7 दिन तक कोर्ट में गवाही दी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब उद्घाटन करने आ रहे हैं। मैंने भी राममंदिर निर्माण के लिए 22 करोड़ का चंदा दिलाया है।

इस यज्ञ से एक ही कामना है कि पाक अधिकृत कश्मीर भारत को मिल जाए। उन्होंने कहा कि रामचरित मानस व सनातन धर्म पर टिप्पणी करने वालेमूर्ख हैं। मूर्खों पर ज्यादा चर्चा नहीं करनी चाहिए। बिहार के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने कहा कि अयोध्या की धरती पर आकर आनंद की अनुभूति हो रही है। संत हमेशा से समाज का मार्गदर्शन करते रहे हैं।

भारत को विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता। अब भारत सोने की चिड़िया नहीं बल्कि सोने का शेर बनेगा, जिसकी दहाड़ पूरा विश्व सुनेगा। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि राममंदिर के उद्घाटन से पूरी दुनिया में सनातन धर्म का ध्वज बुलंद होगा। 22 जनवरी इतिहास का वह स्वर्णिम दिन होगा, जिस दिन रामलला अपने नए घर में विराजमान होंगे।

इस अवसर पर अयोध्या महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, जगद्गुरु रामदिनेशाचार्य, रामभूषण दास कृपालुजी महाराज, भाजपा नेता विशाल मिश्र, नाका हनुमानगढ़ी के महंत रामदास, बड़ा भक्तमाल के महंत अवधेश दास, महंत शशिकांत दास, महंत राघवाचार्य, रंग महल के महंत राम शरण दास, रामवल्लभा कुंज के अधिकारी राजकुमार दास सहित दर्जनों की संख्या में भक्त भी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें: फर्जी एसटीएफ अधिकारी की पुलिस से हुई मुठभेड़, पैर में लगी गोली, साथी के साथ गिरफ्तार

संबंधित समाचार