शाहजहांपुर: तेज रफ्तार कार की टक्कर से बच्चे समेत दो की मौत, एक की हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। शाहजहांपुर के बंडा थाना क्षेत्र में बिलसंडा मार्ग पर एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे बैठे तीन लोगों को टक्कर मार दी। एक ग्रामीण और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक युवक को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। शाहजहांपुर के …

शाहजहांपुर, अमृत विचार। शाहजहांपुर के बंडा थाना क्षेत्र में बिलसंडा मार्ग पर एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे बैठे तीन लोगों को टक्कर मार दी। एक ग्रामीण और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक युवक को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

शाहजहांपुर के बंडा के गांव नवाबपुर पुक्खी के रहने वाले ईश्वरी (55) अपने रिश्तेदार कढेरचौरा निवासी गुड्डू (24) और रजनीश (12) के साथ बंडा-बिलसंडा रोड पर सुबह लगभग छह बजे बैठे हुए थे। तभी वहां पर एक तेज रफ्तार कार आई और सड़क किनारे बैठे तीनों लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में ईश्वरी और रजनीश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर मारने के बाद कार अनियंत्रित होकर खेत में घुस गई। चालक ने कार को भगाने का प्रयास किया लेकिन लोगों ने घेर लिया। चालक वैभव जैन को ग्रामीणों ने जमकर पीटा। सूचना पर पहुंची बंडा थाने की पुलिस ने ड्राइवर को भीड़ से बचाया। गाड़ी में जिला लखीमपुर खीरी के कस्बा तिकुनिया निवासी प्रेमचंद अग्रवाल का परिवार था। वह अपने परिवार के साथ दिल्ली से वापस घर जा रहे थे।

घायल गुड्डू को बंडा सीएचसी लाया गया जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। ईश्वरी प्रसाद मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था। ईश्वरी की मौत से पत्नी रामबेटी, बेटे रामकिशोर और बेटी किरन का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं कढेरचौरा के हरिराम के बेटे रजनीश की मौत से मां सावित्री देवी और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

संबंधित समाचार