मुरादाबाद : बाल गृह से फरार दो बालिकाएं संभल से बरामद, भटकते समय पुलिस के लगीं हाथ 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चाइल्ड केयर समिति को बताया, वार्डन की मेज पर रखी चाबी से खोला था ताला 

मुरादाबाद,अमृत विचार। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आशियाना में स्थित बाल गृह (बालिका) से मंगलवार शाम को फरार हुई तीनों लड़कियों की बरामदगी हो गई है। जिसमें से दो शुक्रवार को संभल जिले से बरामद हुई जबकि एक गुरुवार को मिल गई थी। यह जानकारी आशियाना पुलिस चौकी इंचार्ज कृष्ण कुमार ने दी है। 
उन्होंने बताया कि दोनों लड़कियां संभल में भटक रही थी। सूचना मिली तो पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। बाल गृह (बालिका) कांठ रोड पर स्थित मोरा की मिलक में संचालित हो रहा है। संभल में बरामद हुई ठाकुरद्वारा क्षेत्र की दोनों लड़कियों ने चाइल्ड केयर समिति के सामने दिए गए अपने बयान में बताया है कि वह वार्डन की मेज पर रखी चाबी से ताला खोलकर बाल गृह से फरार हुई थी।

लखनऊ-कानपुर में शिफ्ट होंगी बालिकाएं
मुरादाबाद। सुरक्षा के कमजोर प्रबंध का फायदा उठाकर बालिकाओं के भाग जाने में मामले के मद्देनजर शासन ने कड़ा कदम उठाया है। जिसमें बाल गृह (बालिका) की बालिकाओं को लखनऊ व कानपुर बाल गृह बालिका में शिफ्ट करने आदेश दिये हैं। इससे मुरादाबाद बाल गृह बालिका का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है।  बाल गृह बालिका में सुरक्षा के इंतजाम मजबूत करने के लिए पूर्व में कई उच्चाधिकारियों ने निरीक्षण के बाद कागजी कार्रवाई की थी। अब सुरक्षा व्यवस्था में विफल संस्था का महिला कल्याण विभाग निदेशालय लखनऊ ने अनुबंध निरस्त कर दिया है। साथ ही बाल गृह बालिका में रहने वाली 40 बालिकाओं को 20-20 की संख्या में अब लखनऊ और कानपुर में शिफ्ट किया जाएगा।

इस निर्णय के बाद बाल गृह बालिका मुरादाबाद का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुराग श्याम रस्तोगी ने बताया कि जुलाई 2022 को भारत उत्कर्ष सेवा समिति ने पांच साल के लिए अनुबंध कराया था। उन्होंने बताया कि मैंने डीपीओ के नाते व डीडीओ, एडीएम सिटी और विधिक सेवा प्राधिकारी ने भी वहां कई बार निरीक्षण किया। जिसमें हर बार संस्था की संचालिका अनीता चौहान को सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षा गार्ड बढ़ाने के लिए लिखित रूप निर्देशित किया। इसके बाद भी बालिकाओं की सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया।

ये भी पढ़ें : डीआईजी मुनिराज जी : जन सामान्य को पूरी तरह से संतुष्ट करना ही मेरी प्राथमिकता, मादक पदार्थों की तस्करी रोक अपराधियों पर कसेंगे शिकंजा

संबंधित समाचार