Fatehpur: जायदाद के चलते की गई थी महिला की नृशंस हत्या… हाईब्रिड बैंगन ने की पुलिस को मदद, इस तरह हुआ खुलासा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर में जायदाद के चलते की गई थी महिला की नृशंस हत्या।

फतेहपुर में जायदाद के चलते महिला की नृशंस हत्या की गई थी। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही कटा सिर व हाथ भी बरामद किया।

फतेहपुर, अमृत विचार। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के कोरसम गांव के पहरवापुर नहर पटरी झाड़ियों में एक दिन पूर्व शुक्रवार को सिर व हाथ विहीन महिला का शव मिला था। इस नृशंस हत्या का खुलासा करने के लिए गठित की गई पुलिस की चार टीमों ने 24 घंटे के भीतर पूरे मामले को खोल कर रख दिया।

इस मामले में कानपुर जनपद से आरोपी दोनों जेठ व भतीजे की गिरफ्तारी कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर कटे हुए सिर व हाथ के साथ आला कत्ल व शव को फतेहपुर की सीमा तक लाने में प्रयुक्त हुई बाइक को भी बरामद कर लिया है।

कल्यानपुर पुलिस, एसओजी एवं इटेलिजेंस की संयुक्त टीम की कोशिशों के बाद शव की शिनाख्त कानपुर नगर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के हाथीगांव निवासी रजनी पत्नी स्व. दयाराम के रूप में हुई। पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह ने बताया कि गुरुवार की रात मृतका रजनी के जेठ शिवराम, जयराम, सियाराम व शिवराम कुशवाहा के पुत्र अविनेश ने घटना को अंजाम दिया था।

गुरूवार की रात को मृतका के घर पर ही गला दबाकर हत्या की गई थी। इसके बाद शव को बाइक से कोरसम के पहरवापुर नहर पटरी के पास लाया गया था। शव की पहचान छिपाने के लिए सिर व दोनों हाथ को बांका से काट कर शव झाड़ियों मे फेंक दिया गया था। कटे सिर व दोनों हाथ को पन्नी मे रखकर कुएं में फेंक दिया था। वहीं बांका को सड़क किनारे फेंक दिया गया था।

आरोपी शिवराम, जयराम को कानपुर नगर के महाराजपुर के सरसौल पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया है। उधर अविनेश की गिरफ्तारी हाथीपुर गांव से की गई है। आरोपियों की निशानदेही पर प्रयुक्त आलाकत्ल एक चाक व मृतका का सिर व दोनों कटे हाथ व शव को ले जाने में प्रयुक्त की गई बाइक को बरामद कर लिया गया है। बताया कि फरार आरोपी सियाराम की तलाश की जा रही है।

पति की मौत के बाद अलग रह रही थी रजनी

पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया कि मृतका रजनी पति की मौत के बाद परिवार से अलग रह रही थी। रजनी की कोई औलाद नहीं थी, जिस कारण उसके ससुर नन्हकऊ ने अपनी पूरी जमीन व जायदाद अपने बाकी तीनों पुत्रों के नाम लिख दिया था। ससुर ने रजनी को कुछ नहीं दिया था। रजनी को मामले की जानकारी हुई तो उसने आपत्ति दर्ज की। इसके बाद मृतका के तीनों जेठ शिवराम, जयराम, सियाराम व भतीजे अविनेश ने एकराय होकर रजनी की हत्या कर दी।

पहचान छिपाने के लिए सिर व हाथ काटे

पुलिस के समक्ष आरोपियों ने कुबूल किया कि रजनी की हत्या कर शव की पहचान छिपाने के लिए हाथीगांव कानपुर नगर से लाकर थाना कल्यानपुर के कोरसम गांव के पहरवापुर नहर पटरी की झाड़ियों में फेंका। उसका सिर काटकर शिनाख्त बचाई। हाथ पर नाम लिखा होने के कारण उसे भी काट दिया। कटे हुए सिर व हाथ को बिंदकी में कुएं में डाल दिया गया। 

हाईब्रिड बैंगन ने की पुलिस को मदद

घटनास्थल से पुलिस ने हाईब्रिड बैंगन बरामद किए थे। पुलिस ने हाइब्रिड बैंगन की खेती करने वालों का पता लगाया तो हाथीगांव के शिवराम द्वारा इसकी खेती करने की बात पता चली। इस तरह पुलिस हातीगांव पहुंचकर छानबीन में जुट गई। तभी हत्याकांड से पर्दा उठा।

ये भी पढ़ें- Diwali 2023: आग लगने पर क्या करें, कैसे बचाएं अपनी और दूसरों की जान, अपनाएं ये 8 टिप्स

संबंधित समाचार