बरेली: दिवाली पर दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू की उड़ान तीन गुना महंगी
एकाएक बढ़े एयर ट्रैफिक का असर, भैया दूज पर भी राहत नहीं, बहनों को महंगा पड़ेगा भाइयों का टीका करना
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। दिवाली पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने के बाद दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू की हवाई यात्रा तीन गुना तक महंगी हो गई है। दिवाली के दो दिन बाद भी किराया कम होने की उम्मीद नहीं है लिहाजा भैयादूज पर बहनों को भाई का टीका करना भी काफी महंगा पड़ेगा। बरेली से दिल्ली की हवाई यात्रा का किराया अब तक तीन हजार रुपये के भी पार नहीं पहुंचा था लेकिन भैयादूज पर इसके लिए 42 सौ रुपये खर्च करने पड़ेंगे।
एयरलाइंस कंपनी इंडिगो की वेबसाइट के अनुसार बरेली से बेंगलुरू के लिए 14 नवंबर का किराया करीब 17533 रुपये है और बेंगलुरू से बरेली का किराया 12368 रुपये। इसी तरह वेबसाइट पर 16 नवंबर का बरेली से बेंगलुरू का किराया 8188 रुपये और बेंगलुरू से बरेली का 7853 रुपये शो हो रहा है। 18 नवंबर को बरेली से बेंगलुरू के लिए 20578 रुपये खर्च करने पड़ेंगे लेकिन बेंगलुरू से बरेली आने के लिए 9848 रुपये।
मुंबई से बरेली आने का किराया भी काफी बढ़ा हुआ है लेकिन बरेली से मुंबई जाने का किराया कम है। रविवार यानी 12 नवंबर को मुंबई से बरेली की उड़ान के लिए 15165 रुपये खर्च होंगे और बरेली से मुंबई के लिए सिर्फ 4960 रुपये। 13 नवंबर को मुंबई से बरेली का किराया 12942 रुपये है और बरेली से मुंबई का 8425 रुपये।
इसके बाद 15, 17 और 19 नवंबर को मुंबई से आने का किराया कम रहेगा तो बरेली से मुंबई जाने किराया बढ़ जाएगा। 15 नवंबर काे मुंबई से बरेली का किराया 11091 रुपये है और बरेली से मुंबई का 15665 रुपये। 17 नवंबर को मुंबई से बरेली का 6276 रुपये है और बरेली से मुंबई का 15565 रुपये। इसी तरह 19 नवंबर को मुंबई से बरेली का किराया 9239 रुपये और बरेली से मुंबई का 20395 रुपये होगा।
बरेली के यात्रियों के लिए दिल्ली की उड़ान शाम को उपलब्ध
बरेली एयरपोर्ट से दिल्ली की उड़ान शाम को भी उपलब्ध हो गई है। एलाइंस एयर की वेबसाइट के अनुसार बरेली से शाम 5.05 बजे उड़ान भरकर विमान 6.10 बजे दिल्ली पहुंच रहा है। रविवार को विमान इसी समय पर उड़ेगा। पहले दिल्ली की फ्लाइट 72 सीटर थी लेकिन अब 42 सीटर है। 16 और 18 नवंबर को बरेली से दिल्ली की उड़ान का समय शाम 4.30 बजे है।
वेबसाइट के अनुसार बरेली से दिल्ली और दिल्ली से बरेली आने वाले यात्रियों की संख्या काफी है। 1890 रुपये से लेकर 42 सौ रुपये तक किराया है। दिल्ली से बरेली आने के लिए 14, 16 और 18 नवंबर को 2629 रुपये का किराया वेबसाइट पर प्रदर्शित हो रहा है।
यह भी पढ़ें- बरेली: झाड़ियों में मिली बच्ची सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर, 24 घंटे भर्ती रहने पर भी हालत में नहीं सुधार
