Prayagraj news : सलमान खान को धमकाने वाला शेरा फरार, लगा गुंडा एक्ट
प्रयागराज, अमृत विचार। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को धमकी देने वाले अपराधी शेरा पर पुलिस का शिकंजा कसना शुरु हो गया है। शेरा इस समय घर छोड़कर फरार हो गया है। शाहगंज पुलिस ने उसके खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की है। इस संबंध में उसके खिलाफ नोटिस भी जारी किया गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
अहमदगंज का रहने वाला शेरा एक बड़ा कुख्यात अपराधी है। उस पर विभिन्न जिलों मे कुल 38 मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें रंगदारी मांगने, हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं के मुकदमे दर्ज हैं। उसका नाम पांच साल पहले सलमान खान को फोन पर धमकी देने के मामले में चर्चा में आया था। इस मामले में मुंबई पुलिस उसे गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई थी। इसके ऊपर बमबाजी समेत कई संगीन वारदातों में मुकदमा दर्ज है। जमानत पर छूटने के बाद उसने प्रयागराज में एक के बाद एक कई वारदातों को अंजाम दिया है। इसमें से एक बार उसे मुठभेड़ में भी गिरफ्तार किया गया था। हाल ही में उसके खिलाफ दो लाख की रंगदारी मांगने का मुकदमा भी दर्ज हुआ था।
उधर, पुलिस आयुक्त रमित शर्मा के आदेश पर अपराधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के क्रम में शाहगंज पुलिस ने शिकंजा कसा तो वह घर छोड़कर फरार हो गया। शाहगंज पुलिस ने उसके खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया है। एसीपी कोतवाली सत्येंद्र प्रसाद तिवारी ने बताया कि उसकी तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें -लखनऊ : सामान्य से कहीं ज्यादा बढ़ा ट्रेनों का किराया, टिकट को लेकर यात्री हलकान
