प्रतापगढ़ : पटाखा बेचने के लिए कर दिया एसडीएम का फर्जी हस्ताक्षर, पुलिस की जांच में हुआ ये बड़ा खुलासा
रानीगंज/ प्रतापगढ़, अमृत विचार। दीपावली त्योहार पर अस्थायी रूप से पटाखे बेचने के लाइसेंस के लिए एसडीएम का फर्जी हस्ताक्षर बनाकर एक व्यक्ति ने पत्रावली थाने भेज दी। थाने पर पुलिसकर्मियों की जांच में खुलासा होने पर हड़कंप मच गया। जिसमें एसडीएम का हस्ताक्षर और मुहर दोनों फर्जी मिले। एसडीएम ने अस्थायी लाइसेंस की लंबित 40 पत्रावलियों पर रोक लगा दी।
शनिवार सुबह रानीगंज थाने में पटाखा विक्री से जुड़ी पत्रावली थाने पहुंची। पत्रावली में एसडीएम रानीगंज शैलेंद्र कुमार वर्मा का फर्जी हस्ताक्षर बनाये गए थे। पत्रावली में दुकानदार का भी हस्ताक्षर नहीं था लेकिन अनुमति जारी कर दी गई थी। इस पर थाना प्रभारी आदित्य सिंह को शक हुआ तो आवेदक को थाने बुलवाया। उसने बताया कि पत्रावली पर स्वयं भी हस्ताक्षर नहीं किया है। एसओ ने मामले में एसडीएम से बात की तो पता चला कि पत्रावली पर एसडीएम ने भी हस्ताक्षर नहीं किया है और मुहर भी फर्जी है। इस खुलासे के बाद थाने में खलबली मच गई।
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि दुकानदार ने जिस व्यक्ति को अनुमति कराने के लिए दिया था उसने एसडीएम का हस्ताक्षर बनाकर मुहर लगाई और पत्रावली थाने भेज दिया। मामला सामने आने के बाद एसडीएम रानीगंज शैलेन्द्र कुमार वर्मा ने पटाखा बेचने के लिए अस्थायी लाइसेंस की लंबित 40 पत्रावलियों पर रोक लगा दी।
ये भी पढ़ें -Prayagraj news : सलमान खान को धमकाने वाला शेरा फरार, लगा गुंडा एक्ट
