Diwali 2023: बर्न से बचें और इन बातों का रखें विशेष ख्याल, ताकि दोगुने उत्साह के साथ मनायें त्योहार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। दीपावली का त्योहार इस बार बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सुख और समृद्धि के इस पर्व पर लोग खुशियां मनाने में लगे हुये हैं। ऐसे में सेहत का ख्याल रखना भी जरूरी है। इस पर्व पर जहां एक तरफ तरह-तरह के पकवान बनते हैं। वहीं लोग इस पर्व पर जमकर आतिशबाजी भी करते हैं।

बच्चे हों या बड़े पटाखों को जलाने का उत्साह अलग ही रहता है, लेकिन ऐसे में बच्चों को लेकर खास सतर्कता बरतनी चाहिए। आइये जानते हैं विशेषज्ञ की राय

राजधानी स्थित किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में प्लास्टिक सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. विजय कुमार बताते हैं कि बर्न से बचने के लिए दिये को हमेशा ऊंची जगहों पर रखना चाहिए। जिससे वह बच्चों की पहुंच से दूर रहें।

इसके अलावा पटाखे जलाने जा रहे हैं तो बाल्टी में पानी जरूर रखें। दरअसल पटाखे जलाते समय बर्न होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में बाल्टी में रखा पानी पास होगा तो हाथ को तत्काल उसमें डाल सकते हैं। जिससे जलन काफी हद तक कम हो सकती है।

इसके अलावा बच्चों को पटाखा जलाने के लिए न दें। हमेशा बड़े लोगों को बच्चों के साथ रहना चाहिए, जब बच्चे पटाखा जला रहे हों। साथ ही वह पटाखे कतई न छुयें जो आधे जल चुके हों। क्योंकि यह खतरनाक साबित हो सकते हैं।

उन्होंने बताया कि यदि कोई पटाखा जलाते समय जल जाये तो जले हुये अंग पर पानी डालने या फिर पानी में ही जले हुये अंग को डालने से काफी राहत मिल सकती है, लेकिन इस दौरान इस बात का भी ध्यान रखें की जलन अधिक होने पर तत्काल चिकित्सक से सलाह भी लें।

अस्पतालों में 24 घंटे चालू रहेंगी चिकित्सा व्यवस्था

बता दें कि दीपावली पर राजधानी लखनऊ में पूरी क्षमता के साथ अस्पतालों में 24 घंटे चिकित्सा सेवायें चालू रहेंगी। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में इमरजेंसी की स्थिति में पहुंचने वाले मरीजों के लिए खास इंतजाम किये गये हैं। यहां पटाखे से जलने वालों अन्य बर्न के मरीजों के लिए प्लास्टिक सर्जरी विभाग में विशेष व्यवस्था की गई  है।

केजीएमयू के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के एचओडी प्रो. विजय कुमार ने बताया है कि विभाग में तीन टीमें तैनात की गई हैं। इसके अलावा 35 बेड बर्न यूनिट में हैं। साथ ही 8 बेड के आईसीयू युनिट को भी अलर्ट पर रखा गया है। वहीं प्लास्टिक सर्जरी विभाग की तरफ से 9415200444 हेल्पलाइन नंबर भी जारी  किया गया है।

केजीएमयू के ट्रामा प्रभारी डॉ. संदीप तिवारी ने  बताया कि दीपावली पर्व पर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवायें दी जा सकें। इसके लिए 20 बेड आरक्षित किये गये हैं। साथ ही दो अतिरिक्त टीमों को भी तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर तक यह व्यवस्था बनी रहेगी। 

केजीएमयू के नेत्र रोग विभाग में भी दीपावली पर्व को लेकर एक टीम इमरजेंसी में तैनात की गई है। जिससे आने वाले मरीजों को जल्द से जल्द इलाज दिया जा सके। इसके अलावा राजधानी के सरकारी अस्पतालों सिविल, बलरामपुर  और लोकबंधु अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की भी ड्यूटी लगाई गई है। वहीं सिविल अस्पताल की बर्न युनिट में तैनात टीम अलर्ट मोड पर रहेगी।

लोहिया संस्थान के डॉ. एपी जैन ने बताया है कि आज एक पत्र जारी किया गया है। जिससे दीपावली पर इमरजेंसी समेत अन्य विभाग अलर्ट रहे और मरीजों को इलाज में कोई दिक्कत न आये।

यह भी पढ़ें: बारिश ने सुधारा लखनऊ का मौसम, AQI लेवल में आया सुधार, अगले कुछ दिनों में बढ़ेगी ठंड

संबंधित समाचार