Kanpur Dehat: विस्फोट होने से किशोर के उड़े चीथड़े... मौत, चार अन्य घायल, पटाखे लेकर जा रहा था घर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में पटाखे में विस्फोट होने से किशोर के चीथड़े उड़े।

कानपुर देहात के रसूलाबाद आजाद नगर में पिता के साथ पटाखे लेकर जा रहे किशोर के झोले में विस्फोट होने से किशोर की मौत हो गई। घटना में चार अन्य लोग घायल हो गए।

कानपुर देहात, अमृत विचार। झोले में पटाखे ले जाते समय हुए विस्फोट से शनिवार शाम 15 वर्षीय किशोर लगभग पांच मीटर ऊंचाई तक उछल कर गिरा और उसके शरीर के चीथड़े उड़ गए। उसकी मौके पर ही मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए। आजाद नगर चौक से कुछ ही दूर हुए इस हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।

रविवार शाम करीब 6 बजे लोहिया नगर निवासी सुफियान (15) अपने पिता अब्दुल दिलशाद उर्फ शाका के साथ एक झोले में पटाखे लेकर जा रहा था। आजाद नगर चौक के पास अचानक झोले में विस्फोट हो गया जिससे झोला पकड़े सुफियान के शरीर के निचले हिस्से के चीथड़े उड़ गए और वह लगभग 5 मीटर ऊंचाई तक उछल कर गिरा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

विस्फोट से पास में अपने घर के सामने टहल रहे राजू सविता का पुत्र हिमांशु (15) और कन्हैया चंदेल का पुत्र हर्षित (18) भी घायल हो गए। इसी स्थान पर लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां खरीद रहे यादव नगर निवासी दीपक (28) और केशव नगर निवासी रंजीत सिंह (35) भी इस विस्फोट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को सीएचसी रसूलाबाद ले गई, जहां डॉ. सौरभ शाक्य ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। सुफियान की मौत से उसकी मां बिलकिस बेगम, भाई अरशद, बहनों महरीन, आफरीन, जाफरीन व दो अन्य बहनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है कि कैसा विस्फोटक था, सामान्य पटाखे थे या देशी बम दईमार। फोरेंसिक भी बुलाई गई है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पटाखे से नाती-दादी घायल

कानपुर देहात। रसूलाबाद थानाक्षेत्र के असालतगंज के मयाराम निवादा में रविवार को आग ताप रहे नाती व दादी पटाखे से घायल। नाती गम्भीर हालत में हैलट रेफर किया गया।

रसूलाबाद की चौकी असालतगंज के मयाराम निवादा में सर्दी की वजह से कूड़े के ढेर में 5 वर्षीय बॉबी पुत्र मानसिंह सर्दी लगने से उसने घर मे रखी माचिस से आग लगाकर ताप रहा था और दादी सिया दुलारी 70 वर्ष भी अपने नाती के साथ ताप रही थी। उस कूड़े के ढेर में अनार पटाखा दबा होगा और जैसे ही उसमे आग लगी तो वह तेज धमाका के साथ छूट गया।

जिससे बॉबी के कनपटी के पास लगने से वह गम्भीर रूप से घायल हो गया और उसका कान भी फट गया साथ ही गुप्तांग में लगने से घायल हो गया। वहीं दादी सिया दुलारी के हाँथ में चोट लग गई।  तेज आवाज सुन लोग दौड़े तो दोनों लोगों को परिजन व पड़ोसियों की मदद से उसको सीएचसी अस्पताल रसूलाबाद लेकर भागे वहां पर ड्यूटी पर तैनात डाक्टर सौरभ शाक्य ने उसकी गम्भीर हालत देख उसको हैलट के लिए रेफर कर दिया है।

संबंधित समाचार