बरेली: बदमाशों ने कई घरों में की लूटपाट, पुलिस ने चोरी में दर्ज की रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

DEMO IMAGE

बरेली/फरीदपुर, अमृत विचार। फरीदपुर क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुस कर जमकर लूटपाट की। दो अलग-अलग गांवों में महिलाओं को हथियार के दम पर बंधक बना लिया। बच्चों के पहने हुए गहने भी उतरवा लिए। एक महिला के विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की। इसके अलावा कई घरों में चोरी भी की। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी मामलों में सिर्फ चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है।

थाना क्षेत्र के ग्राम धीरपुर निवासी सुरेंद्र पाल सिंह के मकान में शनिवार देर रात छत के सहारे मकान में पांच अज्ञात बदमाश घुसे। जिस कमरे में परिजन सो रहे थे उस कमरे की कुंडी बाहर से लगाकर अन्य कमरों में पड़े तालों को तोड़कर पूरा कमरा खंगाला।

जहां से चोरों ने सोने और चांदी के जेवरात, एटीएम कार्ड, लाइसेंसी बंदूक के अलावा 20 हजार रुपये नकदी पार कर दी। इस दौरान दूसरे कमरे में सो रही एक महिला जग गई तो बदमाशों ने उस पर तमंचा तान दिया। इसके बाद चोरों ने पड़ोस के गांव बेहरा में राजवीर के मकान के मकान से सोने व चांदी के जेवर, उनके भाई सत्यवीर के घर से जमानत के लिए रखे 40 हजार रुपये नकद पार कर दिए।

उसके बाद पास के मकान में मीरा देवी पत्नी रामवीर के घर में घुसे। बदमाशों ने उन पर भी तमंचा तान दिया और पहने हुए कुंडल, पड़ोस में सो रही उनकी बेटी के कुंडल और पायल और बच्चे के हाथ में पहने हुए करधनी को लूट लिया। मीरा के विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट भी की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

मीरा देवी और परिजनों के अनुसार उनके घर में घुसे हुए बदमाशों की संख्या पांच थी। सभी के पास हथियार थे। उसके बाद गांव अमरेख में जगदीश के मकान में दीवार के सहारे घुसकर कमरे के कुंडे को तोड़कर एक जोड़ी सोने के कुंडल, चांदी के जेवर और तीन हजार की नकदी चुरा ली। सूचना पर एसपी ग्रामीण मुकेश चन्द मिश्रा, सीओ फरीदपुर गौरव सिंह, थाना प्रभारी रामसेवक समेत डाक स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने लूट की घटनाओं को सिर्फ चोरी में दर्ज कर मामले को रफा दफा कर दिया।

यह भी पढ़ें- बरेली: दिवाली का उत्साह...12 करोड़ के पटाखे फूंक डाले, पटाखा एसोसिएशन ने जिला प्रशासन पर लगाए ये आरोप

संबंधित समाचार