शाहजहांपुर: औद्योगिक क्षेत्र में सड़क के गड्ढे देख उड़ रहे होश, बना रहता है हादसे का खतरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। शासन-प्रशासन सड़क को गड्ढा मुक्त करने के भले ही लाख दावे करे लेकिन धरातल पर हकीकत कुछ और ही है। औद्योगिक क्षेत्र जमौर में सड़कें बदहाल हैं। सरकार के गड्ढामुक्त अभियान का असर यहां दिखाई नहीं दे रहा है। उद्यमियों का कहना है कि सड़क के छोटे-मोटे गड्ढे तो वह बर्दाश्त कर लेते, लेकिन यहां के गड्ढे देखकर होश उड़ रहे हैं। 

औद्योगिक क्षेत्र की मुख्य सड़क ही बदहाली के आंसू बहा रही है। यहां से भारी वाहन गुजरते समय हादसे का डर बना रहता है। औद्योगिक क्षेत्र जमौर की स्थापना के बाद से अब तक कई बार सड़क उखड़ चुकी है। बार-बार सड़क बनती है और उखड़ जाती है। उद्यमियों को सालों से बदहाल सड़क से जूझना पड़ रहा है।

नगर के इंडस्ट्रियल एरिया जमौर में जाने वाली मुख्य सड़क से गुजरना किसी जोखिम से कम नहीं है। दोपहिया, तिपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक समस्या का सामना करना पड़ता है। आए दिन इस मार्ग पर दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल होते रहते हैं। क्षेत्रवासियों के मुताबिक इस मार्ग के निर्माण के लिए कई बार अधिकारी और जनप्रतिनिधियों से कहा जा चुका है। इसके बाद भी सड़क के गड्ढे नहीं भर पा रहे हैं। कई महीने से सड़क बदहाली के आंसू बहा रही है। 

स्थानीय लोगों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र की सड़कें चमाचम होनी चाहिए, लेकिन यहां तो औद्योगिक क्षेत्र की सड़कें ही बदहाल हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर गांव-देहात की सड़कों का क्या हाल होगा? सरकार को इस दिशा में ध्यान देना चाहिए। औद्योगिक क्षेत्र में तमाम श्रमिक भी आते-आते हैं। ऐसे में चोटिल होने का खतरा बना रहता है।

सबसे ज्यादा परेशानी रात के समय उस दौरान होती है जब किसी कारण अंधेरा हो जाए। बारिश के दिनों में लोगों को बहुत परेशानी झेलनी पड़ी थी। उम्मीद थी कि बारिश का सीजन खत्म होने क बाद सड़क बन जाएगी, लेकिन अब सीजन भी खत्म हो चुका है। इसके बाद भी सड़क अभी तक नहीं बन सकी है। सड़क कब बनेगी इसका जवाब देने वाला कोई नहीं है।

आधा किलो मीटर में सैकड़ों गड्ढे
औद्योगिक क्षेत्र की मुख्य सड़क की हालत बहुत खराब है। कहीं सड़क में गड्ढे हैं और कहीं सड़क ही गड्ढों में है। आधा किलो मीटर की सड़क में सैकड़ों गड्ढे हैं। स्थानीय श्रमिकों ने बताया कि बारिश के दिनों में सड़क के गड्ढों में पानी भर जाता है। ऐसे में यहां से गुजरने वाले साईकिल और बाइक सवारों के साथ-साथ ट्रकों के पलट जाने का भी खतरा बना रहता है।

औद्योगिक क्षेत्र बनने के बाद से कई बार सड़क बनकर टूट चुकी है। पहली बार बनी सड़क लगभग पांच साल तक चली थी, लेकिन इसके बाद बनने वाली सड़कें ज्यादा नहीं टिक रही हैं। अब लगभग छह महीने से लोग परेशान हो रहे हैं और सड़क का निर्माण नहीं हो पा रहा है।

बड़ी-बड़ी गाड़ियों में सवार अधिकारी और नेता गुजर जाते हैं, लेकिन सड़क बनवाने की कोई नहीं सोचता है। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों की हालत कई साल से खराब है। उद्यमी कई बार सड़क बनवाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अभी तक ध्यान नहीं दिया गया है। खराब सड़कों के चलते उद्यमियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: पेड़ से संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला युवती का शव, पिता ने लगाया हत्या का आरोप

 

संबंधित समाचार