रेलवे जीएम ने किया इस रेलखण्ड का विण्डो ट्रेलिंग निरीक्षण,बढ़ेगी सुविधाएं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे की महाप्रबन्धक सौम्या माथुर ने बुधवार को पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लखनऊ मण्डल के गोरखपुर-कटरा रेल खण्ड का विण्डो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान महाप्रबंधक ने उक्त रेल खण्ड के मध्य ट्रैक बैलास्ट, ओवरहेड ट्रैक्शन, एलाइनमेंट, ट्रैक फिटिंग, पॉइंट एवं क्रॉसिंग, सिग्नल, कर्व तथा पुलों का निरीक्षण किया साथ ही इस रेलखंड पर सुविधाएं बेहतर करने के निर्देश दिये । कटरा स्टेशन पहुंचने पर आन ड्यूटी स्टेशन मास्टर और प्वाइंट मैन से गाड़ी संचालन से संबंधी परिचालनिक संरक्षा को परखा। इसके पश्चात महाप्रबन्धक ने अमृत भारत योजना के तहत रामघाट हाल्ट स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली । इस दौरान उन्होनें अयोध्या परिक्षेत्र में चल रही विभिन्न रेल परियोजनाओं के तहत निर्माण कार्यों को मानक के अनुरूप पूरी गुणवत्ता के साथ लक्ष्यावधि में ही पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं, रेल यात्रियों को जल्द से जल्द बेहतर यात्री सुविधा उपलब्ध हो। अमृत भारत योजना के तहत मनकापुर-अयोध्या रेल खण्ड पर कटरा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार का कार्य तेजी से चल रहा है।
 

संबंधित समाचार